गंगा की लहरों में शुरू हुआ बोटिंग का रोमांच, Kanpur Boat Club खुलने से लोगों में दिखा उत्साह
कानपुर बोट क्लब आम लोगों के लिये खोल दिया गया है।
कानपुर बोट क्लब आम लोगों के लिये खोल दिया गया है। इसमें गंगा की लहरों में बोटिंग का रोमांच शुरू हुआ है। पहले दिन लोगों में उत्साह दिखा है।
कानपुर, अमृत विचार। वाराणसी के बाद कानपुर में गंगा की लहरों पर जल क्रीड़ा का रोमांच शनिवार से शुरू हो गया। गंगा बैराज पर बना कानपुर बोट क्लब आम लोगों के लिये खोल दिया गया। पहले दिन गंगा में बोटिंग का मजा लेने के लिये शहरवासी उत्साहित दिखे, लेकिन बोटिंग के लिये तय किये गये शुल्क को लेकर लोगों में हताशा भी दिखी।
लोगों ने पहल को बहुत अच्छा बताया और कहा कि पहले ही इसे शुरू हो जाना चाहिये था। यहां गंगा पर्यटन के साथ, लेजर शो, बोट राइडिंग के साथ मॉर्निंग वाक भी कर सकेंगे। प्रवेश शुल्क के लिये न्यूनतम 50 तो अधिकतम 100 रुपये देना होगा। वहीं बोट राइड के लिये कम से कम 175 रुपये चुकाने होंगे।
मंडलायुक्त डॉ. राजशेखर ने कहा कि कानपुर जल्द ही खेलकूद और गंगा पर्यटन क्षेत्र के रूप मे विश्व के मानचित्र में दर्शाया जायेगा।
मुख्यमंत्री योगी ने किया था लोकार्पण
बोट क्लब का 9 दिसंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोकार्पण किया था। जिसके बाद अधिकारियों ने बोट क्लब का ट्रायल पूरा किया। सुरक्षा, मनोरंजन और अन्य संचालन प्रबंधन की व्यवस्था सुनिश्चित हो जाने के बाद बोट क्लब पर्यटकों और जनता के खुल गया। बता दें कि, बोट क्लब का प्रस्ताव वर्ष 2006 मे नीरज श्रीवास्तव ने रखा था। वर्ष 2015 मे कानपुर विकास प्राधिकरण की निधि से इसके वित्तपोषण पर निर्णय हुआ, 2016 मे निर्माण सिंचाई विभाग द्वारा आरंभ हुआ।
होगी गंगा आरती, संगीत की महफिल सजेगी
बोट क्लब में जल क्रीड़ा, गंगा आरती के साथ बोटिंग क्लब का संचालन होगा। यहां लोग बैठकर चहल कदमों से सूर्योदय काल और सूर्यास्त काल का आनंद ले सकेगें। यहां रात में लेजर शो भी नियमित होंगे। बनारस की तर्ज़ पर गंगा तट पर संगीत की महफिल भी सजेगी। यहां पर फूड कोर्ट, फोटोग्राफ प्वाइंट भी बनाया गया है। लोगों की सुरक्षा के भी पूरे इंतजाम किये गये हैं। बिना लाइफ सपोर्ट के गंगा में उतरने की इजाजत नहीं होगी।
बोट राइड का लगेगा 175 रुपये
बोट क्लब में बोट राइड और स्पीड बोट के लिए प्रति राइड पर हर व्यक्ति को 175 रुपये देना पड़ेगा। वहीं वाटर स्कूटर राइड के लिए प्रति व्यक्ति 225 रुपये लोगों को चुकाना पड़ेगा। मंडलायुक्त ने बताया कि शुल्क का निर्धारण होने वाले खर्च की संभावना के आधार पर किया गया है। जिसकी समीक्षा छह महीने बाद फिर से की जायेगी।
बच्चों को मिलेगा मुफ्त प्रवेश
बोट क्लब में पांच साल से कम के बच्चों के लिये कोई प्रवेश शुल्क नहीं देना होगा। सीनियर सिटिजन 65 वर्ष से अधिक के लिए आधा शुल्क रखा गया है।
लहरों में बोटिंग का मजा
बोट राइड, वाटर स्कूटर राइड, स्पीड मोटर बोट, ड्रैगन बोट
दो घंटे का चुकाना होगा 50 रुपये
बोट क्लब गर्मियों में सुबह 5 बजे से 8 बजे तक खुलेगा। प्रवेश के लिये 50 रुपए प्रति व्यक्ति को चुकाना होगा, जो दो घंटे के लिए मान्य होगा। वहीं ठंड में बो सुबह 6 बजे से 9 बजे तक बोट क्लब खुलेगा। सुबह टहलने वालों के लिये 600 रुपये प्रति व्यक्ति मासिक शुल्क चुकाना होगा।
दिन में सुबह 9 बजे से 4 बजे तक प्रत्येक व्यक्ति को 80 रुपये प्रति 2 घंटे के लिए इसके बाद रुकने पर अगले एक घंटे के लिए 50 रुपये शुल्क अतिरिक्त देना होगा। शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक बोट क्लब में प्रवेश के लिये प्रति 2 घंटे के लिए 100 रुपये प्रति व्यक्ति को देना होगा।
दिन 154 लोगों ने खरीदा टिकट
बोट क्लब में पहले दिन 154 लोगों ने टिकट लेकर बोट क्लब का आनंद लिया, वहीं शाम तक 379 लोगों ने क्लब मे रोमांच का लुत्फ उठाया। शाम को भी गंगा आरती और लेजर शो मे काफी लोग पहुंचे। बोट राइड मे 65 लोगों ने टिकट लेकर आनंद लिया इसके अतिरिक्त करीब 50 विभिन्न वर्गों के लोगों की राइड प्रायोजित बोट क्लब समिति की ओर से की गई।
शाम के गंगा आरती और लेजर शो में 300 लोगों शामिल हुये। इससे पहले सुबह 75 वरिष्ठ नागरिक को सम्मान स्वरूप प्रवेश शुल्कदिया गया।150 विद्यार्थियों के प्रवेश शुल्क को भी उत्साहवर्धन हेतु प्रायोजित किया गया।
