यूपी की प्राविधिक शिक्षा मंत्री कमल रानी की मौत, सीएम योगी ने अयोध्या दौरा किया रद्द

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

लखनऊ। यूपी की प्राविधिक शिक्षा मंत्री कमल रानी वरूण की रविवार को मौत हो गई। वह कोरोना पॉजीटिव थीं, इसलिए उनका इलाज लखनऊ के पीजीआई में चल रहा था। कमल रानी की मौत की खबर सुनते ही प्रदेश सरकार के सभी मंत्रियों समेत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया है। मुख्यमंत्री आज तैयारियों का जायजा …

लखनऊ। यूपी की प्राविधिक शिक्षा मंत्री कमल रानी वरूण की रविवार को मौत हो गई। वह कोरोना पॉजीटिव थीं, इसलिए उनका इलाज लखनऊ के पीजीआई में चल रहा था। कमल रानी की मौत की खबर सुनते ही प्रदेश सरकार के सभी मंत्रियों समेत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया है।

मुख्यमंत्री आज तैयारियों का जायजा लेने के लिए अयोध्या जाने वाले थे, लेकिन उन्होंने अपना दौरा रद्द कर दिया है। प्राविधिक शिक्षा मंत्री की मौत की खबर सुनते ही कई मंत्रियों ने भी अपने-अपने कार्यक्रम रद्द किए हैं। सीएमएस डॉ. अमित अग्रवाल ने बताया कि उन्हें सीवियर कोविड-19 निमोनिया हो गया था। इस वजह से वह एक्यूट रेस्पिरेट्री डिस्ट्रेस सिंड्रोम में चली गई थी। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।

कमल रानी ने समाजशास्त्र से परास्नातक किया। वह भाजपा प्रत्याशी के रुप में उप्र के घाटमपुर निर्वाचन क्षेत्र से पहली बार विधायक बनीं थीं। दो बार कानपुर शहर से पार्षद रहीं। 1996 में घाटमपुर स लोकसभा सदस्य भी रह चुकी हैं। इसके बाद 1999 में वह मामूली अंतर से चुनाव हार गईं। 2015 में उनके पति की मृत्यु हो गई थी।

18 जुलाई को हुई थी सिविल में जांच
प्राविधिक शिक्षा मंत्री की 18 जुलाई को सिविल में कोरोना की जांच हुई थी जिसमें उनकी रिपोर्ट पॉजीटिव आयी थी, जिसके बाद उन्हें डॉक्टरों की सलाह पर पीजीआई में भर्ती कराया गया था। वहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा था, उनकी हालत में भी सुधार हो रहा था लेकिन आज रविवार को उनकी मौत हो गयी। उनके परिवार के कुछ अन्य लोग भी संक्रमित मिले हैं।

सांस लेने में हो रही थी समस्या
कमल रानी को इलाज के दौरान सांस लेने में काफी तकलीफ हो रही थी। डॉक्टरों के मुताबिक उन्हें आईसीयू में रखा गया था। डॉक्टरों का कहना है कि बीच-बीच हालत सुधर रही थी लेकिन अचानक फिर तबीयत खराब हो जा रही थी। पीजीआई के सीएमएस डॉक्टर अमित अग्रवाल ने उनकी मौत की पुष्टि की है।

मुख्यमंत्री ने जताया दुख
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि “प्राविधिक शिक्षा मंत्री कमल रानी वरुण नहीं रही। उनका इलाज राजधानी के एसजी पीजीआई में चल रहा था। वो कोरोना पॉजिटिव थीं। उनके निधन पर मैं अपनी श्रद्धांजलि देता हूं। शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना भी व्यक्त करता हूं। वह एक लोकप्रिय जननेता थीं। उन्होंने अपने दायित्व का बहुत अच्छे से निर्वहन किया। उनका दिवंगत होना समाज, सरकार और पार्टी के बहुत बड़ी क्षति है। एक बार पुन: उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।”

आज अयोध्या नहीं जाएंगे सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या में भूमि पूजन की तैयारियों का निरीक्षण करने के लिए जाने वाले थे, लेकिन उन्होंने अपना दौरा रद्द कर दिया है। अधिकारिक जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री अब सोमवार को अयोध्या जा सकते हैं।

डायबिटीज और थायराइड की भी थी समस्या
डॉक्टरों के मुताबिक कमल रानी को डायबिटीज, हाइपरटेंशन व थायराइड की भी समस्या थी। उनका ऑक्सीजन लेवल काफी कम हो गया था। हालांकि शुरुआत के 10 दिनों में उनकी तबीयत स्थिर रही, लेकिन पिछले 3 दिनों से अचानक स्थिति खराब होने लगी। शनिवार की शाम करीब 6:00 बजे तबीयत ज्यादा बिगड़ने के बाद उन्हें बड़े वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया। रविवार को सुबह 9:00 बजे उनका निधन हो गया।

संबंधित समाचार