अयोध्या: विश्वविद्यालय में हुई नियुक्तियों में अनियमितता का मामला गरमाया, सांसद सहित कई विधायकों ने गवर्नर को लिखा पत्र
अमृत विचार, मिल्कीपुर, अयोध्या। आचार्य नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय में हुई नियुक्तियों में अनियमितताओं का मामला अब गरमाता ही जा रहा है। इसे लेकर सांसद व कई विधायक ने कुलाधिपति को पत्र लिखकर मामले में जांच कराने की मांग की है।
सांसद लल्लू सिंह सहित जालौन जनपद के उरई विधायक गौरी शंकर वर्मा एवं बिठूर के विधायक अभिजीत सांगा ने प्रदेश के राज्यपाल एवं कुलाधिपति को शिकायती पत्र भेजकर विश्वविद्यालय के कुलपति द्वारा की गई अवैध नियुक्तियों को विश्व विद्यालय प्रबंध परिषद से अनुमोदित ना होने देने के साथ-साथ जांच कराए जाने की मांग की है।
कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह द्वारा विद्यालय के अधीन पशुपालन, पशु चिकित्सा विज्ञान महाविद्यालय व कृषि महाविद्यालय के अधीन कृषि विज्ञान केंद्र और कृषि ज्ञान केंद्रों पर विभिन्न पदों हेतु नियुक्तियों का विज्ञापन निकालकर आवेदन पत्र प्राप्त किए थे। विभिन्न पदों हेतु कार्मिकों की नियुक्ति भी कर ली गई है।
इधर विभिन्न पदों हेतु आवेदकों को नियुक्ति प्रक्रिया में शामिल ही नहीं किया गया। इसकी शिकायत अभ्यर्थियों द्वारा प्रदेश के राज्यपाल सहित से की गई। इसी को लेकर सांसद लल्लू सिंह ने 11 दिसंबर को राज्यपाल को एक पत्र प्रेषित करते हुए हुई नियुक्तियों की जांच की मांग की है।
नियुक्तियों के लेकर लगाए जा रहे आरोप पूरी तरह निराधार हैं। संबधित लोगों द्वारा गलत शिकायत की गई है। जितनी भी नियुक्ति की गई है सारी नियुक्तियां जांच पड़ताल कर की गईं हैं ...डा. बिजेंद्र सिंह, कुलपति, आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, कुमारगंज।
यह भी पढ़ें:-अयोध्या: गैंगस्टर सद्दाम हुसैन का 56 लाख का मकान पुलिस ने किया कुर्क
