बृजेश दमानी ने पहली बार जीती National Billiards Championship, साथी खिलाड़ी Dhruv Sitwala को हराया
नई दिल्ली। एशियाई खेलों के रजत पदक विजेता बृजेश दमानी ने इंदौर में पेट्रोलियम खेल संवर्धन बोर्ड (पीएसपीबी) के अपने साथी खिलाड़ी ध्रुव सितवाला को हराकर पहली बार राष्ट्रीय बिलियर्ड्स चैंपियनशिप जीती। फाइनल मैच चार गेम के बाद 2-2 से बराबरी पर था जिसके बाद बृजेश ने शानदार खेल दिखाया और 4-3 से बढ़त हासिल की। उन्होंने आखिर में आठवें गेम में भी दबदबा बनाए रखा और 5-3 से खिताब अपने नाम किया।
Kolkata based Brijesh Damani of #PSPB lifts his maiden National title by becoming the #NationalChampion in #Billiards for the year 2022. In the final he defeated two time Asian Billiards Champion Dhruv Sitwala of PSPB 5-3.#CueSports#BilliardSports pic.twitter.com/wBBH9Lgj7e
— Cue Sports India 🇮🇳 (@cuesportsindia) December 26, 2022
बृजेश ने इससे पहले क्वार्टर फाइनल में कर्नाटक के बी भास्कर और सेमीफाइनल में विश्व 6रेड चैंपियन एस श्रीकृष्णा को हराया था। बृजेश ने अब तक छह अंतरराष्ट्रीय पदक जीते हैं जिनमें 2010 के ग्वांगझू एशियाई खेलों का रजत पदक भी शामिल है।
आर्सेनल ने इंग्लिश प्रीमियर लीग में बढ़त मजबूत की
लंदन। आर्सेनल ने इंग्लिश प्रीमियर लीग (ईपीएल) के सबसे व्यस्ततम दिनों में से एक ‘बॉक्सिंग डे’ पर दमदार प्रदर्शन करते हुए वेस्ट हैम को 3-1 से पराजित करके शीर्ष पर अपनी स्थिति मजबूत कर ली। न्यू कास्टल ने एक अन्य मैच में लीस्टर को 3-0 से हराकर दूसरा स्थान हासिल कर लिया है लेकिन वह आर्सेनल से सात अंक पीछे है। आर्सेनल के 15 मैचों में 40 जबकि न्यू कास्टल के 16 मैचों में 33 अंक हैं।
मैनचेस्टर सिटी तीसरे स्थान पर खिसक गया है। सैद बैनरहम के 27वें मिनट में पेनल्टी किक पर के गोल से वेस्ट हैम ने शुरुआती बढ़त बनाई लेकिन आर्सेनल वापसी करने में सफल रहा। उसकी तरफ से दूसरे हाफ में बुकायो साका, गेब्रियल मार्टिनेली और एडी एनकेतिया ने गोल दागे। विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में फ्रांस से हार के दौरान इंग्लैंड की तरफ से पेनल्टी चूकने वाले हैरी केन ने प्रीमियर लीग में वापसी की तथा गोल दागा। उनके इस गोल की मदद से चौथे स्थान पर काबिज टोटेनहैम ने दो गोल से पिछड़ने के बावजूद ब्रैंटफोर्ड के खिलाफ मैच 2-2 से ड्रॉ कराया। एक अन्य मैच में लिवरपूल ने एस्टन विला को 3-1 से पराजित किया।
