बरेली: ब्लॉक बढ़ा रहा यात्रियों का इंताजर, रेलवे बोला- सेफ्टी से समझौता नहीं

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जंक्शन पर ब्लाक के चलते हर दिन खड़ी की जा रही हैं ट्रेनें

बरेली, अमृत विचार। जंक्शन पर ब्लाक के कारण हर दिन ट्रेनों को रोकने का सिलसिला जारी है। रेल सेक्शन में तमाम तरह के मरम्मत कार्यों के लिए ब्लाक लिए जाते हैं, लेकिन इनके चलते यात्रियों को परेशानी हो रही है। उन्हें ट्रेनों का घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।

यह भी पढ़ें-बरेली: बहू की दबंगई... सास-ससुर और ननद को पीटा, 30 लाख की मांगी रंगदारी

रेल सूत्रों के अनुसार मालगाड़ियों को निकालकर एक्सप्रेस ट्रेनों को समय पर ब्लाक दिया जा रहा है। ऐसे में जब एक्सप्रेस ट्रेनें जंक्शन पर आकर खड़ी होती हैं तो ब्लाक शुरू हो जाता है। वहीं रेलवे अधिकारियों का कहना है कि जहां रेल लाइन पर काम होगा, वहां संचालन रोकना पड़ेगा।

सेफ्टी से समझौता नहीं किया जा सकता। बुधवार को भी यही हुआ, जब जम्मूतवी-कोलकाता सियालदह एक्सप्रेस को 1 घंटे से ज्यादा बरेली जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर एक पर खड़ा कर दिया गया। देरी से आई राज्यरानी एक्सप्रेस भी इसके पीछे दूसरे स्टेशन पर खड़ी कर दी गई। अक्सर सोशल मीडिया पर ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों की शिकायत होती है कि मुरादाबाद रेल मंडल में आते ही ट्रेनें लेट होने लगती हैं।

रेल अधिकारियों के मुताबिक डाउन लाइन पर दोपहर 1.25 बजे से 2.55 बजे तक कैंट और रसुइया स्टेशन के बीच ब्लाक लिया गया था। 13152 जम्मूतवी-कोलकाता एक्सप्रेस निर्धारित समय से लगभग 2 घंटा की देरी से बरेली जंक्शन पहुंची थी, लेकिन ब्लाक होने के कारण ट्रेन को जंक्शन पर ही खड़ा कर दिया गया।

1 घंटे से ज्यादा ट्रेन जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर एक पर खड़ी रही और यात्री परेशान होते रहे। दूसरी तरफ 22454 राज्यरानी एक्सप्रेस को पीछे के स्टेशन पर खड़ा कर दिया गया। ब्लाक खत्म हुआ तो दोपहर करीब 3 बजे सियालदह एक्सप्रेस को रवाना किया गया।

वहीं पीछे खड़ी कई अन्य ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित हुआ। सूत्रों के अनुसार यात्री ट्रेनों के संचालन से ज्यादा आय बढ़ाने के लिए रेलवे द्वारा मालगाड़ियों को संचालन को अधिक तरजीह दी जा रही है। ऐसे में एक्सप्रेस ट्रेनों को रोककर मालगाड़ियों को पास कराया जाता है।

साथ ही ब्लाक भी एक्सप्रेस ट्रेनों के समय पर दिए जाते हैं। हालांकि रेलवे के अधिकारी इस बात से इनकार करते हैं। कोहरे की वजह से तो ट्रेनें लेट हो रही हैं, लेकिन ट्रेनों के संचालन की यह स्थिति तब है जब रेलवे ने कोहरे का हवाला देकर बड़ी संख्या में ट्रेनों को दिसंबर से फरवरी तक के लिए निरस्त कर दिया है।

यह ट्रेनें बरेली जंक्शन पर देरी से पहुंचीं
बुधवार को 12204 सहरसा गरीबरथ एक्सप्रेस 3 घंटा 30 मिनट, 13006 अमृतसर-हावड़ा एक्सप्रेस 4 घंटा, 13308 गंगा सतलुज एक्सप्रेस 4 घंटा 52 मिनट, 22454 राज्यरानी एक्सप्रेस 5 घंटा, 13019 बाघ एक्सप्रेस 3 घंटा, 15909 अवध असम एक्सप्रेस 1 घंटा 30 मिनट, 14511 नौचंदी एक्सप्रेस 5 घंटा, 14649 सरयू यमुना एक्सप्रेस 4 घंटा 31 मिनट, 15715 गरीब नवाज एक्सप्रेस 1 घंटा 39 मिनट की देरी से बरेली जंक्शन पर पहुंची। वहीं 13307 गंगा सतलुज एक्सप्रेस 7 घंटा 33 मिनट, 12331 हिमगिरी एक्सप्रेस 3 घंटा 6 मिनट की देरी से चल रही थी।

पहले तो कोहरे की वजह से ट्रेनों की रफ्तार पर असर पड़ा है। रही ब्लाॅक की बात तो जहां हमें लाइन बदलनी है या रेलवे ट्रैक पर मरम्मत कार्य करना है, वहां रेल संचालन को रोकना ही पड़ेगा। अगर गाड़ी निकालने के चक्कर में मरम्मत का कार्य नहीं किया रेलवे की सेफ्टी प्रभावित होगी---अजय नंदन, मंडल रेल प्रबंधक, मुरादाबाद।

यह भी पढ़ें- बरेली: पेड़ गिरने से PWD के बेलदार की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

संबंधित समाचार