औरैया: चाकू से हमला कर टोल के गार्ड से 50 हजार लूटे, बाइक से ड्यूटी पर जा रहा था युवक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

औरैया, अमृत विचार। सदर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर चाकू से हमला करते हुए 3 लोगों ने टोल के गार्ड से 50 हजार की लूट कर ली। इसके बाद वह वहां से फरार हो गए। साथी द्वारा घटना की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने गार्ड का अस्पताल में डाक्टरी परीक्षण कराया।

कोतवाली क्षेत्र के ग्राम तिलकपुर निवासी अशोक अपने साथी आलोक के साथ बाइक से बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे पर बने टोल पर ड्यूटी करने के लिए जा रहा था। जैसे ही वह लोग बखरिया गांव के समीप पहुंचे कि तभी सड़क के नीचे से निकले तीन लोगों ने आलोक के ऊपर चाकू से हमला कर दिया। जिससे वह बाइक से गिर पड़ा।

इसके बाद दबंगों द्वारा उसके ऊपर एक और बार किया गया तथा उसकी जेब में पड़े 50 हजार रुपए निकाल लिए गए। बाइक से गिरने के उपरांत अशोक ने आगे चलकर बाइक रोकी और दौड़कर वहां पर पहुंचा कि तभी हमला करने वाले लोग लूट करके भाग निकले।

पीड़ित अशोक ने बताया कि उसने एक व्यक्ति को पहचान लिया था तथा मामले की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घायल को संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां पर उसका उपचार किया गया। अशोक ने जानकारी दी कि वह लोग बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे पर बने टोल प्लाजा में सिक्योरिटी गार्ड के पद पर तैनात हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

ये भी पढ़ें- Auraiya News : किसान के बेटे अभिषेक तिवारी ने किया UPSC में टॉप, ऑल इंडिया में पाई पहली रैंक

संबंधित समाचार