Hamirpur News : पेट्रोल पंप में कर्मी करते रह गये पार्टी, चोरों ने छह लाख 87 हजार रुपये कर दिये पार
हमीरपुर में पेट्रोल पंप में चोरी।
हमीरपुर में पेट्रोल पंप में कर्मी रात में पार्टी करते रहे और चोरों ने छह लाख 87 हजार रुपये पार कर दिये है। पुलिस ने शक के आधार पर मुनीम और सेल्समैन को उठाया है।
हमीरपुर, अमृत विचार। राठ में उरई रोड़ स्थित बरौली मोड़ के पास एक पेट्रोल पंप से रहस्यमय तरीके से 6.87 लाख रुपये चोरी हो गए। सुबह जब मुनीम ने पंप पर पहुंच कर देखा तो रुपये गायब थे। सूचना पर पहुंची चिकासी पुलिस ने घटना की जांच पड़ताल शुरू कर दी। इस घटना से ग्रामीणों में दहशत व्याप्त हो गई है।
चिकासी थाने के बरौली मोड़ के पास टिकरिया गांव निवासी देवकरन अहिरवार का रामलल्ला एचपी पेट्रोल पंप है। टिकरिया गांव के महेश लोधी इसका संचालन करते हैं। पेट्रोल पंप पर नौहाई गांव निवासी मुनीम राहुल व बरौली खरका गांव निवासी सेल्समैन बबलू आदि रहते हैं।
महेश ने बताया कि बुधवार की शाम राहुल, बबलू, जाॅनी और दो अज्ञात लोगों ने पंप पर पार्टी की। बताया कि रात में पंप के मुनीम को चिकासी गांव के मातादीन के घर छोड़ दिया था। सुबह जब मुनीम पंप पर पहुंचा तो केबिल में रखे 6.87 लाख रुपये गायब थे।
बताया कि जब पंप पर लगे सीसीटीवी कैंमरे देखे तो रात साढे आठ बजे के बाद कैमरों की फुटेज बंद मिली। थानाध्यक्ष चिकासी आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि मुनीम, सेल्समैन से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के बाद कार्रवाई की जाएगी।
