हरदोई: महिला ने लगाया चलती कार में बेहोश कर गैंगरेप का आरोप, पुलिस ने किया इंकार  

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पुलिस बोली, पेशबंदी के लिए दी गई तहरीर

हरदोई, अमृत विचार। घर के बाहर बैठी महिला को जबरिया कार में खींच कर उसे बेहोश कर उसके साथ गैंगरेप किए जाने की बात सामने आई है। एसपी से की गई शिकायत में कहा गया है कि इलाकाई पुलिस ने उसकी तहरीर पर कोई ध्यान नहीं दिया। वहीं पुलिस का कहना है कि जिस महिला ने ऐसा आरोप लगाया है,उसके दामाद के खिलाफ पहले से ही रेप का मामला दर्ज है। पेशबंदी के लिए तहरीर दी गई। फिलहाल जांच की जा रही है।

बताया गया है कि शाहाबाद कोतवाली के कस्बे से सटे रेलवे लाइन के किनारे गांव की महिला 18 दिसंबर की रात को अपने घर के बाहर बैठी हुई थी। इसी बीच उसके पास पहुंची कार सवार दो लोगों ने उसे कार के अंदर खींच लिया और फिर उसको बेहोश कर दोनो ने चलती कार में उसके साथ बारी-बारी से रेप किया। 

महिला ने एसपी से की शिकायत में कहा है कि उसने पुलिस को तहरीर दी, लेकिन उसने कोई ध्यान नहीं दिया। जबकि एसएचओ शाहाबाद एसके मिश्रा का कहना है कि जिस महिला ने इस तरह का आरोप लगाते हुए तहरीर दी, उसके दामाद के खिलाफ पहले से ही रेप का मामला दर्ज हैं। उसी मामले की पेशबंदी करने के लिए इस तरह की तहरीर दी गई। फिलहाल जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें - हरदोई: DM ने मेडिकल कालेज निर्माण की परखी हकीकत, दिए निर्देश  

संबंधित समाचार