शाहजहांपुर: ARM ने चालक-परिचालक को काम से रोका, यात्रियों से हुई थी तीखी नोकझोंक
शनिवार के अंक में खबर छपते ही एआरएम ने की कार्रवाई
शाहजहांपुर, अमृत विचार। शुक्रवार देर रात सैटेलाइट रोडवेज स्टैंड पर शाहजहांपुर डिपो के बस चालक और यात्रियों के बीच तीखी नोकझोंक का वीडियो वायरल होने पर अमृत विचार ने प्रमुखता से खबर को प्रकाशित किया। मामले का संज्ञान लेते हुए शाहजहांपुर बस डिपो के एआरएम ने चालक और परिचालक को काम से रोक दिया।
शुक्रवार रात नौ बजे शाहजहांपुर डिपो के बस चालक से फरीदपुर जाने वाली सवारियों की बहस हो गई। सवारियों का कहना था कि बस नगर के अंदर से लेकर जाई जाए, लेकिन बस चालक अपनी बात पर अडिग रहा। जिससे गुस्साए यात्रियों ने हंगामा कर डाला। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो गय़ा।
शनिवार के अंक में अमृत विचार ने इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया। जिसके बाद हरकत में आए एआरएम आर एस पांडेय ने चालक अमित पाल और परिचालक गौतम त्रिवेदी को काम से रोक दिया। इस कार्रवाई को लेकर अन्य चालक-परिचालकों में भी हड़कंप मचा रहा।
बस नंबर यूपी 27 टी 8989 पर शुक्रवार को चालक अमित पाल और परिचालक गौतम त्रिवेदी परिचालक ड्यूटी पर थे। मामले में संज्ञान लेकर दोनों ही कर्मचारियों को काम से रोक दिया गया। लिखित स्पष्टीकरण देने के बाद ही बहाली की जाएगी---आर एस पांडेय, एआरएम, शाहजहांपुर डिपो।
