बरेली: मॉल और पार्कों में उमड़ी भीड़, सड़कों पर जाम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। नव वर्ष के पहले दिन रविवार पड़ने से लोगों की खुशियां दोगुनी हो गईं। उन्हें परिवार के साथ बाहर घूमने का मौका भी मिल गया। सुबह से शाम तक मॉल और पार्कों में इतनी भीड़ उमड़ी कि पीलीभीत रोड के साथ शहर की कई सड़कों पर जाम लग गया। घंटों राहगीर जाम में फंसे रहे। कई स्थानों पर पुलिस कर्मी तैनात थे लेकिन जाम के हालात को सामान्य कराने में वे भी कुछ नहीं कर पाए। वाहनों को हटवाने में जूझते रहे।

ये भी पढ़ें- बरेली: कोहरे में थमे दो दर्जन से अधिक बसों के पहिये, यात्रियों ने झेली दिक्कतें

फिनिक्स मॉल के पास पीलीभीत रोड पर शाम को जाम के हालात बन गए थे। इस दौरान कार से ई-रिक्शा टच हो गया। कार में बैठे लोग आग बबूला हो गए। सड़क पर कार रोककर ई-रिक्शा चालक को लात-घूंसों से पीटने लगे। इस वजह से ट्रैफिक और जाम हो गया। वाहनों की लंबी कतार लग गई। किसी तरह अन्य राहगीरों ने बीच-बचाव कराया। तब स्थिति सामान्य हुई।

गांधी उद्यान के बाहर सड़क पर खड़े दोपहिया वाहन और जाम से जूझते लोग
दोपहिया वाहनों की पार्किंग नहीं होने से गांधी उद्यान पार्क में घूमने आने वाले लोग मुख्य गेट पर ही कार और दोपहिया वाहन पार्क कर रहे हैं। रविवार को नव वर्ष के पहले दिन पार्क में हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। लोगों ने दोपहिया वाहनों की पार्किंग सड़क पर बना दी। इससे सड़क तक वाहन खड़े हो गए। वहां पुलिस तैनात रहती है, लेकिन किसी ने भी सड़क पर वाहन पार्क करने से नहीं रोका। इस वजह से गांधी उद्यान के बाहर सड़क से जो भी निकला, उसे जाम का सामना करना पड़ा। देर शाम तक यही स्थिति बनी रही।

डिवाइडर बना रहे, खोदाई स्थान पर कारें खड़ी हो रही हैं
नॉवल्टी चौक से पटेल चौक आने वाली सड़क पर मस्जिद से लेकर बड़ा हनुमान मंदिर तक डिवाइडर बनाया जा रहा है। इसके लिए कुछ दिन पहले खोदाई की गई। हनुमान मंदिर की ओर से डिवाइडर बनना शुरू हो गया, लेकिन रोड़ा सड़क के बीच फैला हुआ है। इसके साथ लोगों ने खोदाई के पास कारें पार्क करनी शुरू कर दी हैं। दोनों ओर से कारें खड़ी होने से निकलने के लिए जगह कम हो गई। इस वजह से दिन में जाम के हालात बने रहे। इस रास्ते से दिनभर पुलिस अफसर निकलते हैं, लेकिन बीच सड़क खड़ी हो रहीं कारों को लेकर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।

ये भी पढ़ें- बरेली: नए साल पर पांच हजार से अधिक घरों में गुल रही बिजली

 

संबंधित समाचार