मुरादाबाद : ठंड से राहत नहीं, न्यूनतम तापमान में कमी से जनजीवन प्रभावित

Amrit Vichar Network
Published By Bhawna
On

दिन-रात कोहरे का कहर, 21 रैन बसेरों में निराश्रितों को दी जा रही शरण, शहर में अलाव के जगह नहीं बढ़े

मुरादाबाद,अमृत विचार। साल के दूसरे दिन भी ठंड से जनजीवन प्रभावित रहा. लोग ठिठुरने को विवश हुए। न्यूनतम पांच डिग्री तापमान ने लोगों को हिला दिया। दिन का अधिकतम तापमाान 19 डिग्री सेल्सियस रहा। 
सोमवार को अधिकतम तापमान में परिवर्तन नहीं हुआ रात में एक डिग्री तापमान बढ़ा। ठंड से राहत दिलाने का जिला प्रशासन का प्रयास ऊंट के मुंह में जीरा साबित हो रहा है।

जिले में संचालित 21 रैन बसेरे में निराश्रितों को रात में सिर छिपाने की जगह मिल रही है। लेकिन शहर में नगर निगम प्रशासन महज दस जगह ही अलाव जलवा रहा है। जिलाधिकारी के निर्देश पर भी संख्या नहीं बढ़ाया गया। जबकि ठंड जिंदगी का कड़ा इम्तिहान ले रही है। 

जिला आपदा प्रबंध प्राधिकरण के आपदा विशेषज्ञ पंकज मिश्र ने बताया कि अभी ठंड और कोहरे का कहर जारी रहेगा। लोग सतर्कता बरतें। घर से अलसुबह और देर रात में बहुत जरूरत होने पर ही निकलें। खुले आकाश और फुटपाथ पर न सोएं। निराश्रितों को सलाह दी जाती है कि वह अपने आसपास किसी रैन बसेरा या शेल्टर होम में जाकर रात बिताएं। वहां बिस्तर, कंबल आदि का प्रबंध प्रशासन की ओर से किया गया है। सहायता के लिए जिला आपदा प्रबंध प्राधिकरण के कंट्रोल रुम के नंबर 0591-2412728 और मोबाइल नंबर 9454416867 और टोल फ्री नंबर 1077 पर फोन कर सकते हैं। 


पांच दिनों का तापमान

तारीख           अधिकतम    न्यूनतम
02 जनवरी       19             5 डिग्री
01 जनवरी      19               4 डिग्री 
31 दिसंबर       15              6 डिग्री    
30 दिसंबर       18              6 डिग्री
29 दिसंबर        20            5 डिग्री

ये भी पढ़ें :  मुरादाबाद : उत्कृष्ट योगदान के लिए सिंचाई विभाग की जूनियर इंजीनियर कुमुद राजपूत सम्मानित

संबंधित समाचार