Kanpur में आज से चार दिन तक बंद रहेंगी टेनरियां, प्रयागराज में माघ मेले के चलते शासन ने जारी किये निर्देश
कानपुर में चार दिन तक टेनरियां बंद रहेंगी।
कानपुर में आज से चार दिन तक टेनरियां बंद रहेंगी। प्रयागराज में माघ मेले के चलते शासन ने निर्देश जारी किए थे। पौष पूर्णिमा के चलते तीन से छह जनवरी तक बंद रहेंगी।
कानपुर, अमृत विचार। प्रयागराज में माघ मेले के चलते शहर की दो सौ से ज्यादा टेनरियां जनवरी से फरवरी तक 24 दिन तक बंद रहेंगी। मंगलवार से लगातार चार दिन के बाद जनवरी में तीन बार और चार-चार दिन टेनरियों को बंद रखा जाएगा। इसके बाद फरवरी में दो बार चार-चार दिन टेनरियां बंद रहेंगी।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार पूर्व में चार सौ के करीब टेनरियां संचालित थीं, लेकिन वर्तमान में 213 टेनिरयां चालू हैं। पीसीबी के क्षेत्रीय अधिकारी अमित मिश्रा ने बताया कि छह जनवरी को पौष पूर्णिमा के दिन होने वाले पहले स्नान से पहले तीन जनवरी से टेनरियां बंद की जाएंगी। सिंचाई विभाग के अनुसार, सामान्य प्रवाह की स्थिति में कानपुर का पानी तीन दिन में प्रयागराज पहुंचता है।
ऐसे में प्रयागराज में जिस दिन स्नान होगा, उससे तीन दिन पहले से टेनरियां और रंगीन उत्प्रवाह करने वाले सभी तरह के उद्योग बंद किए जाएंगे। इस वजह से जनवरी से फरवरी महीने तक 24 दिन तक टेनरियों को बंद किया जाएगा, इसमें 16 दिन जनवरी और आठ दिन फरवरी में ये फैक्ट्रियां बंद रहेंगी। 18 फरवरी को महाशिवरात्रि के आखिरी स्नान तक टेनरियों का संचालन पूरी तरह बंद रहेगा।
पीसीबी के अनुसार पौष पूर्णिमा के चलते तीन से छह, मकर संक्रांति पर्व को लेकर 11 से 14 या 15, मौनी अमावस्या पर्व को लेकर 18 से 21 और वसंत पंचमी को लेकर 23 से 26 जनवरी तक टेनरियों को बंद रखने के निर्देश हैं। वहीं फरवरी में माघी पूर्णिमा के चलते दो से पांच और महाशिवरात्रि के चलते 15 से 18 तक टेनरियों को बंद रखा जाएगा।
