कंझावला कांड: दिल्ली पुलिस आयुक्त से मिले आप ‘विधायक’, आरोपियों को कड़ी सजा की मांग
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) विधायकों के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को दिल्ली पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा से मुलाकात कर कंझावला की घटना में शामिल लोगों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की। उन्होंने कथित तौर पर, आरोपियों को बचाने के लिए जिला पुलिस उपायुक्त को बर्खास्त करने की भी मांग की।
ये भी पढ़ें - पंजाब सीमा: BSF ने हथियारबंद पाकिस्तानी घुसपैठिए को मार गिराया
पुलिस ने सोमवार को कहा था कि बाहरी दिल्ली के कंझावला इलाके में युवती का निर्वस्त्र शव मिला था। एक चिकित्सा बोर्ड ने शव का पोस्टमार्टम किया और अभी इसकी रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है जिससे यह पता चलेगा कि महिला से दुष्कर्म किया गया था या नहीं।
विधायकों सौरभ भारद्वाज और आतिशी के नेतृत्व में ‘आप’ प्रतिनिधिमंडल ने अरोड़ा को एक ज्ञापन सौंपा जिसमें उन्होंने कथित रूप से आरोपियों को बचाने के लिए पुलिस उपायुक्त (बाहरी जिला) हरेंद्र के. सिंह को बर्खास्त करने की मांग की।
उन्होंने उस मार्ग पर तैनात पुलिस अधिकारियों को बर्खास्त करने की भी मांग की, जिस पर महिला को घसीटा गया था। ज्ञापन में कहा गया है, "आरोपियों के राजनीतिक संबंध हैं। पुलिस को राजनीतिक दबाव में नहीं आना चाहिए। इसे जघन्य माना जाना चाहिए और आरोपियों को सख्त से सख्त सजा दी जानी चाहिए।"
ये भी पढ़ें - मुर्मु ने राजस्थान राजभवन में संविधान उद्यान का किया लोकार्पण