बरेली: शादी में हर्ष फायरिंग, गोली लगने से छात्र की मौत
बरेली, अमृत विचार। भाई के दोस्त की बहन के शादी समारोह में गए बीकॉम के छात्र के सीने में हर्ष फायरिंग के दौरान गोली लग गई। युवक की मंगलवार को दिल्ली के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मां ने थाना बारादरी में शिकायती पत्र देकर अज्ञात के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
ये भी पढ़ें- बरेली: नए साल पर नैनीताल जाना पड़ा महंगा, नौ लाख की चोरी
प्रेमनगर के मोहल्ला बानखाना की खोया वाली गली में रहने वाले एसी मैकेनिक जफर हुसैन का छोटा बेटा अरबाज (22) एक कॉलेज में बीकॉम फाइनल ईयर का छात्र था। अरबाज के बड़े भाई यावर ने बताया कि 22 दिसंबर को हार्टमन के पास रहने वाले उनके दोस्त सलमान की बहन की पीलीभीत बाईपास स्थित आरिश लॉन में शादी थी। दोनों भाई शादी में शामिल होने गए थे। रात करीब 11.30 बजे अरबाज डीजे के पास खड़ा था और अचानक नीचे गिर पड़ा। अरबाज को गिरते देख वह उसके पास पहुंचे तो देखा कि उसके सीने में गोली लगी थी। वे लोग फौरन ही उसे नैनीताल रोड स्थित निजी अस्पताल लेकर पहुंचे।
चार-पांच दिन तक अस्पताल में इलाज चलने के बाद हालत में सुधार नहीं हुआ तो वे लोग दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में अरबाज को ले गए। वहां आपरेशन के बाद भी अरबाज की हालत में सुधार नहीं हुआ। 3 जनवरी को अरबाज की मौत हो गई। अरबाज के भाई यावर ने बरेली के निजी अस्पताल के डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। कहा कि यहां सिर्फ जांचे कराते रहे। यदि डॉक्टर उन्हें पहले ही बता देते तो शायद भाई की जान बचाई जा सकती थी।
बिना रिपोर्ट के शव देने से किया इनकार
अरबाज के साथ हुई घटना की सूचना पुलिस को न तो बरेली के निजी अस्पताल और न परिजनों ने दी। इस वजह से मामला अटक गया। सर गंगाराम अस्पताल प्रबंधन ने रिपोर्ट और पोस्टमार्टम बिना पोस्टमार्टम कराए शव देने से इनकार कर दिया। जिस वजह से मंगलवार को अरबाज के शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका। बारादरी इंस्पेक्टर अभिषेक सिंह ने बताया अरबाज की मां नसरीन थाना बारादरी पहुंचीं और अज्ञात आरोपी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई। अब बुधवार को अरबाज का पोस्टमार्टम होगा।
बारात घर प्रबंधन पर भी हो सकती है कार्रवाई
बरात घर के मालिकों ने पुलिस से कहा है कि यदि कोई घटना हर्ष फायरिंग से होगी तो वे लोग सूचना देंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। निजी अस्पताल प्रबंधन भी मामले को छिपाये रहा। अब पुलिस अस्पताल प्रबंधन और बरात घर प्रबंधक पर भी कार्रवाई की तैयार कर रही है।
बारातघर में गोली चलने से युवक की मौत के मामले में उसकी मां ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। बारातघर प्रबंधन ने घटना के बारे में जानकारी नहीं दी, इसको लेकर उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। घटना के खुलासे के लिए बारातघर के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जाएगी।- अभिषेक सिंह, इंस्पेक्टर बारादरी
मामले में रिपोर्ट दर्ज की जा चुकी है। जांच की जा रही है। जांच में देखा जाएगा कि शादी के आयोजक और लॉन मालिक दोषी है अथवा नहीं। दोषी पाए जाने पर निश्चित रूप से कार्रवाई की जाएगी।
राहुल भाटी- एसपी सिटी
ये भी पढ़ें- बरेली: बीएससी के छात्र समेत दो मोबाइल चोर गिरफ्तार
