संभल : मंदिर में मूर्तियां खंडित करने पर भड़के लोगों ने थाना घेरा
असामाजिक तत्वों ने की प्राचीन शिवलिंग को क्षति पहुंचाने की कोशिश, लापरवाही के विरोध में पुलिस से नोकझोंक, समझाने पर शांत हुए लोग, मंदिर के नौ पुजारियों के खिलाफ दर्ज की गई रिपोर्ट
संभल, अमृत विचार। थाना क्षेत्र के गांव सादातबाड़ी में प्राचीन पातालेश्वर मंदिर में असमाजिक तत्वों ने देवी-देवताओं की मूर्तियां खंडित कर दीं। मुख्य शिवलिंग को भी क्षति पहुंचाने की कोशिश की। इससे आक्रोशित लोगों ने मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर जाम लगाकर हंगामा किया। पुलिस की लापरवाही के विरोध में जुलूस निकालकर थाने का घेराव किया। पुलिस पुजारियों में चल रहे आपसी झगड़े को घटना की वजह मान रही है। नौ पुजारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
गांव सादातबाड़ी स्थित प्राचीन पातालेश्वर शिव मंदिर परिसर में बने मां दुर्गा मंदिर, मां काली मंदिर व शनि देव मंदिर का असामाजिक तत्वों ने मंगलवार रात को पहले ताला तोड़ा। इसके बाद मंदिर में रखी मूर्तियों को खंडित कर दिया। माहौल बिगाड़ने वाले तत्वों ने प्राचीन पातालेश्वर महादेव मंदिर के प्रमुख शिवलिंग को भी नुकीले हथियार से क्षति पहुंचाने की कोशिश की। सुबह जब पुजारी व शिवभक्त मंदिर में पूजा अर्चना करने पहुंचे तो मंदिरों में मूर्तियां टूटीं देख भड़क गए। कुछ ही देर में आसपास के क्षेत्र से सैकड़ों भक्त मंदिर पर पहुंच गए।
आक्रोशित भीड़ ने हंगामा कर दिया। सैकड़ों की संख्या में लोग मुरादाबाद आगरा हाईवे स्थित इस्लामनगर चौराहा पहुंच गए। जहां उन्होंने हाईवे पर जाम लगा दिया। सूचना पर सीओ बहजोई प्रदीप कुमार सिंह व कोतवाल पंकज लवानिया मौके पर पहुंचे। यहां लोगों की पुलिस से जमकर नोकझोंक हुई। इसके एक घंटे बाद भक्तों ने जाम खोला। इस दौरान आक्रोशित शिवभक्त बम बम भोले का जयघोष करते हुए नगर की ओर बढ़े। पुलिस की लापरवाही के विरोध में नगर में जुलूस निकालते हुए बहजोई थाने का घेराव किया और मूर्तियों को खंडित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कोतवाल ने मूर्तियों को खंडित करने वालों पर सख्त कार्रवाई की बात कही तब लोग शांत हुए।
इस बीच सादातबाड़ी के ग्रामीण नितिन गुप्ता ने मंदिर में पुजारियों के न रहने के विवाद को लेकर केस दर्ज करवाया। पुलिस ने रामप्रकाश, रूप गिरी, नकुल गिरी, ललितेश गिरी, सुनील गिरी, मोहनगिरी, धर्मेंद्र, त्रिपाल गिरी समेत नौ पुजारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। एसपी चक्रेश मिश्रा ने बताया कि पुजारियों के बीच विवाद की बात सामने आ रही है। मुकदमा दर्ज किया गया है। ग्राम प्रधान लखन यादव ने ट्रस्ट बनाकर मंदिर उसे सौंपने की मांग की है।
ये भी पढ़ें:- संभल : चोरी की कार के साथ दो शातिर अपराधी पकड़े, दोनों के खिलाफ दर्ज हैं गैंगस्टर सहित 13 मुकदमे
