संभल : भट्ठे पर कार्रवाई के विरोध में जेसीबी चालक पर तानी ईंट, तीन हिरासत में
ओबरी में तीन ईंट भट्ठों पर कार्रवाई, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के प्रमाण पत्र नहीं दिखाए पाए, भट्ठा मालिक ने एसडीएम के सामने हाथ जोड़कर कार्रवाई न करने की लगाई गुहार
संभल के गांव में ईंट भटठे पर कार्रवाई का विरोध करतीं युवतियां
संभल/ओबरी, अमृत विचार। असमोली क्षेत्र में अवैध ईंट भट्ठों पर बुधवार को भी कार्रवाई जारी रही। अधिकारियों ने बिना प्रमाण पत्र संचालित तीन भट्ठों को जेसीबी चलवाकर ध्वस्त कर दिया। एक ईंट भट्ठे पर महिलाओं ने विरोध और हंगामा किया। युवती ने जेसीबी चालक पर ईंट भी तानी, जबकि भट्ठा मालिक हाथ जोड़कर कार्रवाई रुकवाने की गुहार लगाता नजर आया। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में ले लिया।
नायब तहसीलदार दीपक कुमार जुरैल, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड मुरादाबाद के वैज्ञानिक अधिकारी सुनील कुमार चौहान और अनिल कुमार पुलिस बल के साथ गांव ओबरी में रहीस ईंट उद्योग पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के प्रमाण पत्र के बारे में जानकारी की तो नहीं दिखाया गया। इसके बाद जेसीबी से भट्ठे को नष्ट करना शुरू किया। तब महिलाओं ने विरोध किया।
युवती ने ईंट जेसीबी चालक पर तानी। तब चालक ने जेसीबी बंद कर दी। सूचना मिलने पर एसडीएम विनय कुमार मिश्र और थाने से अतिरिक्त पुलिस बल पहुंच गया। भट्ठा मालिक ने हाथ जोड़कर एसडीएम से कार्रवाई न कराने की गुहार लगाई, लेकिन अवैध ईंट भट्ठे पर कच्ची और पकी ईंटों को भी नष्ट करा दिया। अधिकारियों ने मखदूम शाह ईंट उद्योग और हारून ईंट उद्योग पर भी जेसीबी से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। नायब तहसीलदार ने बताया कि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से प्रमाण पत्र नहीं होने के कारण तीन भट्ठों पर कार्रवाई की गई है।
ये भी पढ़ें:- संभल : मंदिर में मूर्तियां खंडित करने पर लोगों ने किया थाने का घेराव, नौ पुजारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
