एमएलसी स्नातक चुनाव: अधिसूचना जारी, आज से नामांकन शुरू
बरेली, अमृत विचार। बरेली-मुरादाबाद खंड स्नातक निर्वाचन के लिए बुधवार को अधिसूचना जारी हो गई। गुरुवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू की जाएगी। प्रत्याशी 12 जनवरी तक नामांकन करा सकते हैं। कमिश्नरी स्थित आयुक्त के न्यायालय कक्ष में नामांकन दाखिल किए जाएंगे। रिटर्निंग ऑफीसर, मंडलायुक्त संयुक्ता समद्दार ने नामांकन प्रक्रिया संपन्न कराने की तैयारियां पूरी कर ली हैं। नामांकन के लिए बैरिकेडिंग की गई है।
ये भी पढ़ें- बरेली: एलईडी दिलाने के नाम पर अधिवक्ता से 38 हजार की ठगी, रिपोर्ट दर्ज
जंक्शन रोड वाले गेट से प्रत्याशी नामांकन दाखिल करने कमिश्नरी में आएंगे और नामांकन पत्र दाखिल कर मुख्य गेट से बाहर जाएंगे। अपर आयुक्त (प्रशासन) आईएएस अरुण कुमार को एआरओ बनाया है।
मंडलायुक्त ने बुधवार दोपहर कमिश्नरी सभागार में बरेली-मुरादाबाद खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। मंडलायुक्त ने निर्वाचन के कार्यक्रम से लेकर नामांकन, आदर्श आचार संहिता, कोविड-19 गाइड लाइन का पालन कराने के साथ ही मतगणना आदि के संबंध में जानकारी दी। प्रतिनिधियों को बताया कि पूर्वाह्न 11 बजे से 3 बजे तक ही नामांकन प्रकिया आयुक्त के न्यायालय कक्ष में होगी।
राजनैतिक दलों को मतदाता की उपलब्ध कराने के लिए निर्वाचन कार्यालय को निर्देश दिए। नामांकन फार्म निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त किये जा सकते हैं। एमएलसी कंट्रोल रूम की स्थापना कलक्ट्रेट के निर्वाचन कार्यालय में की गयी। जिसका नंबर 0581-2510673 है। निर्वाचन से संबंधित राजनैतिक दल कोई भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। 16 जनवरी को नाम वापसी लिए जाएंगे। 30 जनवरी को 9 जनपदों के 245 बूथों पर स्नातक मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे। 2 फरवरी को मतगणना परसाखेड़ा में होगी।
ये भी पढ़ें- बरेली: बर्खास्त होमगार्ड पर साथियों को भड़काने का आरोप, रिपोर्ट
