बरेली: करोड़ों के उपकरण गायब होने के मामले में शुरू हुई जांच से सीएमओ के अफसर दूर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। तीन सौ बेड अस्पताल से करोड़ों के उपकरण गायब होने के मामले में कमिश्नर के आदेश पर जांच के लिए गठित टीम में सीएमओ के आग्रह के बावजूद उनके अधीन किसी अफसर को शामिल नहीं किया गया है। इसी वजह से माना जा रहा है कि यह जांच इस बार किसी ठोस नतीजे तक पहुंच सकती है। रिपोर्ट आने के बाद महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाले बैठे कई अफसर भी नप सकते हैं।

ये भी पढ़ें- बरेली: एलईडी दिलाने के नाम पर अधिवक्ता से 38 हजार की ठगी, रिपोर्ट दर्ज

तीन सौ बेड अस्पताल की बिल्डिंग इसे सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के तौर पर विकसित किए जाने के मकसद से तैयार की गई थी। सात साल पहले निर्माण पूरा होने के बाद शासन की ओर से करोड़ों के उपकरण इस अस्पताल के लिए भेजे गए थे लेकिन ये उपकरण गायब हो गए। ये उपकरण कहां गए, इसकी जानकारी किसी जिम्मेदार अफसर को नहीं है। हाल ही में कमिश्नर के आदेश पर इस मामले में जांच शुरू हुई है। सात दिन के अंदर रिपोर्ट दी जानी है लिहाजा एडी हेल्थ ने जांच तेज कर दी है।

कमिश्नर के निर्देश पर इस बार जांच टीम में एडी हेल्थ ने संयुक्त निदेशक स्तर के अधिकारियों को शामिल किया है। सीएमओ के आग्रह के बावजूद इस टीम में उनके अधीन किसी अधिकारी को शामिल नहीं किया गया। दरअसल, उपकरणों की खरीद में गोलमाल उजागर होने के बाद इससे पहले भी शासन ने जांच का आदेश दिया था लेकिन वह किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पाई। अफसरों ने उसे कागजों में ही निपटा दिया। माना जा रहा है कि जांच में पारदर्शिता के लिए इस बार जांच में सीएमओ के अधीन किसी अधिकारी को शामिल नहीं किया गया।

कैसे जुड़ेगी घोटाले की कड़ी से कड़ी, अभी तक स्टॉक बुक ही नहीं मिली
एडी हेल्थ डॉ. एके चौधरी ने बताया कि तीन सौ बेड अस्पताल में उपकरणों के गायब होने के मामले में जांच पूरी पारदर्शिता के साथ की जा रही है। जिन उपकरणों की खरीद की गई है, उनके ब्योरे का स्टॉक बुक से मिलान किया जाएगा। स्टॉक बुक के सत्यापन से ही पता चलेगा कि अस्पताल में उपकरण आएया नहीं और आए तो कहां गए। हालांकि अभी स्टॉक बुक प्राप्त नही हुई है। इसके लिए भी सभी जिम्मेदारों से जवाब मांगा जाएगा।

ये भी पढ़ें- बरेली: नकदी समेत 8.50 लाख का सामान ले गई पत्नी, रिपोर्ट

 

 

संबंधित समाचार