Kanpur Weather Today : शीत लहर से कंपकंपाया शहर, अभी और पारा गिरने की संभावना, धूप निकलने से मिली थोड़ी राहत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

Kanpur Weather Today कानपुर शीतलहर से कंपकंपाया गया है।

Kanpur Weather Today कानपुर शीतलहर से कंपकंपाया गया है। गुरुवार को धूप निकलने से लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिली है।

कानपुर, अमृत विचार। Kanpur Weather Today हाड़कंपाऊ ठंड ने बुधवार को भी लोगों को खूब सताया। घर से बाहर जो निकला, ठंड से कंपकंपा गया। कई के हाथ पैर सुन्न पड़ गए तो शीत लहर ने भी खूब परेशान किया। बिना नाक-कान ढके निकलना आसान नहीं था, जो इनके बगैर निकला उसे ठंड ने खूब तंग किया। ठंड से बचने के लिए लोगों को अलाव का सहारा लेना पड़ा।  वहीं, बुधवार को धूप निकलने से लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिली है।

बुधवार को दिन में तापमान में थोड़ी वृद्धि जरूर हुई, लेकिन इस सीजन में बुधवार दूसरा सबसे ठंडा दिन रहा। रात में भी न्यूनतम तापमान कम था, जिससे लोगों को सर्दी में खूब दिक्कत हुई। तड़के ही सर्दी का असर खूब दिख रहा था। सैर सपाटे को निकलने वाले लोगों की संख्या में काफी कमी थी।

मोतीझील, कंपनी बाग, चिड़ियाघर, माल रोड, सिविल लाइंस आदि क्षेत्रों में मॉर्निंग वॉक करने वाले घर से कम निकले। जो निकले, उनमें 50 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों की संख्या काफी कम थी। पूरे दिन शीत लहर चली। इससे ठंड बढ़ गई। सरकारी व प्राइवेट कार्यालयों में पूरे दिन ठंड से बचने के लिए ब्लोवर और रूम हीटर जले। सरकारी दफ्तरों में एक साथ बैठे कर्मचारियों ने काफी वक्त कार्यालय में ही बिताया।

दिन में दो बार सूरज ने बादलों से झांका जरूर, लेकिन बेदम और बहुत कम समय के लिए निकली धूप से कोई खास राहत नहीं मिली। पूरे दिन ठंड ने सताया, गलन होने की वजह से लोग मौका मिलते ही हाथ दुबकाने की कोशिश करते दिखे। मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि इस सीजन में मंगलवार के बाद बुधवार को सबसे ज्यादा ठंड रही है। शीतलहर चलने से जाड़े का असर और भी ज्यादा रहा।

मंगलवार को दस के करीब तापमान होने की वजह से सबसे ज्यादा ठंडा दिन था, दूसरे नंबर पर बुधवार का दिन रहा, इसके बाद तीसरे नंबर पर सबसे ज्यादा दिन में ठंड दो जनवरी को थी। उन्होंने बताया कि दस जनवरी तक ठंड इसी तरह रहने की संभावना है। तीन दिन धूप नहीं निकलने और उसके बाद मामूली और दबी धूप निकलने की संभावना है। पारा गिरा रहेगा, जिससे ठंड और बढ़ेगी। उन्होंने बताया कि तीन दिनों में ठंड से रिकार्ड टूटने की भी संभावना बनी हुई है।

तीन दिन घना कोहरा छाने के संकेत

मौसम विभाग ने तीन दिन घना कोहरा छाने के संकेत बताए हैं। डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि अभी कोहरा कुछ कम हुआ है, लेकिन पांच से आठ जनवरी तक घना कोहरा छा सकता है। विजिबिलिटी भी दस से 15 मीटर तक ही रह सकता है। इससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहेगी। इसलिए जरूरी है कि सड़कों पर वाहन से चलते वक्त सावधानी रखें।

किसानों को अलर्ट, पाला पड़ने का खतरा

मौसम विभाग ने किसानों को दस जनवरी तक फसलों को लेकर अलर्ट रहने की सलाह दी। संभावनाएं जताई जा रही हैं कि अगले पांच दिनों में पाला पड़ सकता है, इससे फसलों को नुकसान हो सकता है। सीएसएयू के कृषि मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि पाला पड़ने की आशंका एक जनवरी से 10 जनवरी तक अधिक रहती है।

जब आसमान साफ हो, हवा न चल रही हो और तापमान कम हो जाये तब पाला पड़ने की आशंका बढ़ जाती है। पाला गेहूं और जौ में 10 से 20 प्रतिशत, सरसों, जीरा, धनिया, सौंफ, अफीम, मटर, चना, गन्ने में लगभग 30 से 40 प्रतिशत और सब्जियों में जैसे टमाटर, मिर्ची, बैंगन आदि में 40 से 60 प्रतिशत तक नुकसान कर सकता है

31 दिसंबर से 3 जनवरी तक का हाल

कब          न्यू.     अधि.
31 दिस.    7.8    16.8
01 जन.    10.8    20.0
02 जन.    5.4    13.4
03 जन.    3.6    10.2

संबंधित समाचार