संभल: अलाव से हादसों में दो मासूमों समेत पांच लोग झुलसे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नखासा थाना क्षेत्र के गांव नाहरठेर में बीमार वृद्ध झुलसा, गांव अझरा में जलते अलाव में डीजल डाला तो पास बैठे लोगों के कपड़ों ने पकड़ी आग, दो बच्चे, महिला और उसकी सास झुलसी, जिला अस्पताल में कराया उपचार

संभल, अमृत विचार। भीषण सर्दी में राहत पाने के लिए जलाए जा रहे अलाव से लगातार हादसे हो रहे हैं। संभल के एक गांव में बीमार वृद्ध की चारपाई के नीचे अलाव से उठी चिंगारी से चारपाई संग कपड़ों में आग लग गई ,जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। झुलसी अवस्था में उसे जिला अस्पताल से मुरादाबाद रेफर किया गया । जबकि दूसरे गांव में अलाव पर डीजल डालने पर भड़की आग से दो मासूम, महिला और उसकी सास झुलस गईं। चारों को उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया।
         
अलाव से हादसे का पहला मामला नखासा थाना क्षेत्र के गांव नाहरठेर का है। वृद्ध रहीस डेढ़ वर्ष से बीमार है। गुरुवार को प्रात: परिजनों ने सर्दी से  राहत देने के लिए उसकी चारपाई के नीचे अलाव जला दिया।  सुबह छह बजे अचानक अलाव से चिंगारी उठी और चारपाई ने आग पकड़ ली। आग ने गद्दे और लिहाफ को भी चपेट में ले लिया। जिससे वृद्ध झुलस गया। वृद्ध के शोर मचाने पर परिवार के लोग पहुंचे और तत्काल जिला अस्पताल ले गए।  डाक्टर ने उपचार करते हुए गंभीर हालत में  वृद्ध को मुरादाबाद रेफर कर दिया। 
       
दूसरा मामला कैला देवी थाना क्षेत्र के गांव अझरा का है। गांव का दिनेश यादव फसल की सिंचाई करने खेत पर गया था। घर पर उसकी पत्नी सर्वेश, मां शीला ने सर्दी से राहत पाने के लिए अलाव जला लिया। सर्वेश दो वर्षीय बेटे नीलेश और चार वर्षीय बेटी हिमांशी को लेकर भी आग सेकने लगी। अलाव तेज जलाने के लिए जैसे ही डीजल डाला तो कपड़ों ने आग पकड़ ली जिससे चारों लोग आग की चपेट में आ गए। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे और आग बुझाई। हादसे में झुलसे चारों लोगों को एंबुलेंस 108 से जिला अस्पताल लाया गया। डाक्टर ने उपचार करते हुए चारों को मुरादाबाद रेफर कर दिया।

चार दिन पहले भी हुआ था हादसा
 संभल में  इसी सप्ताह अलाव से हादसे के तीन मामले सामने आ चुके हैं। सोमवार को नखासा थाना क्षेत्र के रायसत्ती जूनियर हाईस्कूल के पास के रहने वाला शाकिर अलाव तापते वक्त झुलस गया था। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल से रेफर किया गया था। मुरादाबाद के अस्पताल में उसकी मौत हो गई ।

लोगों को जागरुक होने की जरूरत
 बेशक कड़ी सर्दी में आग से राहत पाई जा सकती है लेकिन लोगों को बेहद जागरुक होने की जरूरत है।  सर्दी से बचाव के साथ-साथ खुद की सुरक्षा का भी ध्यान रखना होगा। अगर जरा लापरवाही बरती तो हादसा हो सकता है।

ये भी पढ़ें:- संभल: दूसरी शादी रचाने पहुंचा पति तो पहली पत्नी ने किया हंगामा

संबंधित समाचार