अयोध्या: पौष पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी
अमृत विचार, अयोध्या। कड़ाके की ठंड के साथ शुरू हुए पौष पूर्णिमा स्नान पर सरयू घाट पर हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने सरयू नदी में डुबकी लगाई। अयोध्या के प्रमुख मंदिर नागेश्वरनाथ, हनुमानगढ़ी, कनक भवन व राम जन्मभूमि में दर्शन-पूजन किया। अयोध्या पहुंचे श्रद्धालुओं ने कहा कि भगवान श्री राम के प्रति आस्था बहुत है उन्हीं की कृपा से हम लोग बेहद ठंड में भी स्नान के लिए अयोध्या आए हैं।
शीतलहर और ठंड के कारण शुक्रवार को अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में भारी कमी देखी गई। फिर भी सरयू घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान करते दिखे। वहीं प्रशासनिक व्यवस्थाएं भी सरयू घाट पर नदारद दिखीं। सरयू घाट तीर्थ पुरोहित समिति के अध्यक्ष ओमप्रकाश पांडे ने कहा कि पौष पूर्णिमा पर शीतलहर बहुत तेज चल रही थी। हमेशा की तरह इस वर्ष भी श्रद्धालुओं की संख्या कम है। माघ मास के बाद श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि हो सकती है। हर वर्ष घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के लिए अलाव की व्यवस्था की जाती रही है, लेकिन इस बार श्रद्धालुओं को ठंड से बचाने के लिए कोई व्यवस्था नहीं दिखाई दे रही और न ही कोई अधिकारी अभी तक व्यवस्था को देखने के लिए पहुंचे हैं।
ये भी पढ़ें - लखनऊ के होटल में हुए कई धमाके, 4 कर्मचारी घायल
