Kanpur में अब स्टंटबाजों की खैर नहीं, DCP Traffic बोले- यातायात से खिलवाड़ करने वालों की जगह होगी जेल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में स्टंटबाजों की चिन्हित कर होगी कार्रवाई।

कानपुर में अब स्टंटबाजों की खैर नहीं है। डीसीपी ट्रैफिक तेज स्वरूप सिंह ने शहरियों से अपील की। यातायात नियमों का पालन करें।

कानपुर, अमृत विचार। शहर में यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाकर हादसों की वजह बन रहे स्पोर्टस बाइकों से खतरनाक स्टंट कर रहे बाइकर्स की अब खैर नहीं है। यातायात विभाग अब उन पर जल्द कड़ा शिकंजा कसने जा रहा है। यह बात डीसीपी ट्रैफिक तेज स्वरूप सिंह ने अमृत विचार संवाददाता से कही।

उन्होंने कहा कि स्टंटबाजी की काफी शिकायतें मिल रही है, जिन्हें लगातार चिन्हित किया जा रहा है। सीसीटीवी कैमरों की मदद से उनका पता लगाकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कहा कि पिछले वर्ष नवंबर में यातायात माह के मौके पर विभाग ने लगातार नियमों को लेकर लोगों को जागरूक करने का काम किया गया।

इसके बाद भी लोगों की ओर से की गई लापरवाही और नियम तोड़ने के चलते सड़क हादसों में 618 लोगों की जान चली गई। हादसों में इतनी मौतों के आंकड़े डराने वाले हैं। इसके बाद भी लोग कतई सजग नहीं हो रहे हैं। शहर की जनता को खुद जागरूक होना पड़ेगा, नियमों का शत प्रतिशत पालन करना होगा। इसके बाद हादसों में अपने आप लगाम लग जाएगी। 

स्टंटबाजों को कर रहे चिन्हित, अब होगी कार्रवाई

स्पोर्टस बाइकों से कुछ युवक रोजाना खुलेआम स्टंट कर रहे हैं। जिससे शहरियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। रात में अचानक बाइक से निकली गोली जैसी आवाज से भी लोग डर जाते हैं। इनकी स्टंटबाजी को रात के समय गंगाबैराज, सिविल लाइंस, वीआईपी रोड, स्वरूप नगर को साफ देखी जा सकती है। सड़कों पर अचानक बाइक रोक कर झटके में मोड़ना, बाइक की हैंडिल छोड़कर, खड़े होकर बाइक चलाने जैसा स्टंट युवा करते नजर आ रहे हैं।

यह खेल सड़क पर रात के आठ बजे के बाद तब शुरू होता है जब बाजार में दुकानें बंद हो जाती हैं। लालइमली से वीआईपी रोड तेज रफ्तार में बाइक लेकर शोर मचाते हुए युवक कंपनी बाग चौराहे तक जाते हैं। उनकी चपेट में यदि कोई आ गया तो बचना मुश्किल है। ऐसे बाइक चालकों पर भी पुलिस अंकुश नहीं लगा पा रही है। कुछ बाइकों के साइलेंसर से पटाखा फूटने और गोली चलने जैसी आवाजें निकलती हैं। अचानक जिस तरफ से ऐसी बाइकें निकलती हैं वहां लोग घबरा जाते हैं, ऐसा लगता है कि गोली चल रही हो। साइलेंसर से छेड़छाड़ कर इस तरह की कई बाइकों को सड़कों पर दौड़ाया जा रहा है। 

रसूखदारों के चलते पुलिस ने डालती हाथ

स्टंटबाजी कर रहे किसी युवक को यदि पुलिस ने गलती से पकड़ भी लिया तो मिनटों में फोन पर छूट जाते हैं। शहर के रसूखदार परिवारों के चलते सीधे आलाधिकारियों के पास छुड़वाने के लिए फोन पहुंच जाते हैं। इसी कारण पुलिस इन बाइकर्स को देखकर भी नजरअंदाज कर देती है।     

यदि कोई स्टंट करने व अधिक स्पीड में बाइक दौड़ाते मिलेगा तो उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सीसीटीवी कैमरों से ऐसे लोगों को चिन्हित किया जा रहा है। जिन स्थानों पर स्टंटबाजी की जा रही है, वहां पर सादी वर्दी में फोर्स को लगाया जाएगा।- तेज स्वरूप सिंह, डीसीपी ट्रैफिक

संबंधित समाचार