बाराबंकी: नितीश के मंत्री का बड़ा बयान, बोले- 2024 में भाजपा मुक्त होगा भारत
जनता दल यूनाइटेड, पीस पार्टी और किसान पार्टी की संयुक्क्त रैली को किया संबोधित
अमृत विचार, बाराबंकी। नीतीश सरकार के मंत्री श्रवण कुमार पटेल ने रविवार को यहां कहा कि वर्तमान सरकार में ना अल्पसंख्यक सुरक्षित हैं और न ही संविधान। देश में नफरत का वातावरण तैयार किया जा रहा है। इस तरह की सरकार ज्यादा दिन नहीं चलने वाली। 2024 में हम सब मिलकर लड़ेंगे और देश को भाजपा मुक्त करेंगे।
पटेल जनता दल यूनाइटेड, पीस पार्टी और किसान पार्टी द्वारा संयुक्त रूप से बाराबंकी के ग्राम बनवा में आयोजित स्वराज रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बिहार में नीतीश सरकार ने कई ऐसे कार्यक्रम चलाए हैं जो पूरे देश में किसी राज्य में लागू नहीं है। हम इंटरमीडिएट पास करते ही उच्च शिक्षा ग्रहण करने के इच्छुक छात्र छात्राओं को चार हजार का क्रेडिट कार्ड उपलब्ध करा रहे हैं। सरकारी छात्रावासों में रह रहे छात्रों को 10 किलो अनाज और 1000 दिए जा रहे हैं। यह व्यवस्था पूरे देश में कहीं भी लागू नहीं है।
पीस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ अयूब ने कहा कि नीतीश कुमार को अगर उनके समाज के लोगों ने वोट ना दिया होता तो नीतीश मुख्यमंत्री नहीं होते। उत्तर प्रदेश में यदि दलित मायावती के साथ एकजुट ना होते तो हुए मुख्यमंत्री नहीं बन पाती और अपने नियमों को लागू नहीं कर पाती। लेकिन मुस्लिम समाज के लोगों ने अपने नेतृत्व को नहीं पहचाना। पीस पार्टी समाज में जाति और धर्म के आधार पर कोई भेदभाव नहीं चाहती।
किसान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉक्टर बी एल वर्मा ने कहा कि यूपी में ना लोकतंत्र रह गया है ना कानून का राज यहां की सरकार फासीवादी है। प्रदेश में 1 वर्ग की सरकार चल रही है लोकतंत्र और संविधान की रक्षा नहीं हो पा रही है यहां संविधान जलाया गया लेकिन कोई कुछ नहीं बोला। उत्तर प्रदेश में लोगों की पहचान कर बुलडोजर चलाया जा रहा है। रैली को पीस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद इरफान तथा कनीज फातिमा ने भी संबोधित किया।
ये भी पढ़ें -बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार को लेकर भाकपा ने निकाला जुलूस
