प्यार में परिजन बने रोड़ा, प्रेमी युगल ने ट्रेन से कटकर दी जान, एक की कॉलेज में पढ़ाई के दौरान बढ़ी थी नजदीकियां

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर देहात में प्रेमी युगल ने ट्रेन से कटकर दी जान।

कानपुर देहात के झींझक स्टेशन में प्रेमी युगल ने राजधानी एक्सप्रेस से कटकर जान दे दी। परिजनों के विरोध करने पर दोनों ने आत्मघाती कदम उठाया। एक ही कॉलेज में पढ़ाई के दौरान दोनों की नजदीकियां बढ़ी थी।

कानपुर देहात, अमृत विचार। परजनी हाल्ट व झींझक स्टेशन के बीच डाउन लाइन के रेलवे ट्रैक पर प्रेमी युगल का शव पड़ा मिला। स्टेशन मास्टर झींझक की सूचना पर पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

झींझक के सम्राट अशोक नगर निवासी अंकित यादव उर्फ छोटू (19) पुत्र सुभाष बारहवीं का छात्र था। वहीं पड़ोस में ही रहने वाली किशोरी कक्षा ग्यारह में पढ़ती थी। मंगलवार की भोर झींझक स्टेशन व परजनी हाल्ट के बीच बड़ागांव के पास दिल्ली-हावड़ा रुट की लाइन पर खंभा नंबर 1082/24 व 26 के बीच दोनों ने नई दिल्ली-सियालदह राजधानी से कटकर जान दे दी। उनके शव रेलवे ट्रैक पर पड़े मिले।

राजधानी एक्सप्रेस के चालक ने सूचना झींझक स्टेशन मास्टर को दी। स्टेशन मास्टर के मेमो पर डेरापुर सीओ प्रिया सिंह, मंगलपुर थाना प्रभारी अमरेंद्र बहादुर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन की और परिजनों को सूचना दी।

मंगलपुर थाना प्रभारी ने बताया कि किशोरी व युवक के शवों की पहचान उनके परिजनों ने कर ली है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वहीं एएसपी घनश्याम चौरसिया ने बताया कि प्रथमदृष्टया मृतकों के प्रेमी युगल होने की जानकारी मिली है। सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर पुलिस जांच कर रही है।

टूटे मोबाइल से मिले सिम के जरिये परिजनों को दी सूचना

रेलवे ट्रैक पर प्रेमी युगल के शव मिलने की जानकारी पर पहुंची पुलिस को किशोरी के शव के पास टूटा हुआ मोबाइल फोन मिला। पुलिस ने टूटे फोन से सिम निकालकर दूसरे मोबाइल में डाला और परिजनों को सूचना दी। 

परिजनों के विरोध पर उठाया आत्मघाती कदम

ट्रेन से कटकर जान देने के मामले में लोगों के बीच किशोरी व युवक के बीच प्रेम प्रसंग को लेकर चर्चा रही। लोगों की मानें तो मृतकों के बीच काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। जिसका परिजन दबी जुबान विरोध कर रहे थे, लेकिन दोनों के एक ही कालेज में पढ़ने के कारण नजदीकियां बढ़ती चली गई। वहीं परिजनों के विरोध को सहन न कर पाने के चलते दोनों ने आत्मघाती कदम उठा लिया।

संबंधित समाचार