सुलतानपुर : बीएसए ने जारी किया तीन शिक्षक संघों की सूची 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अन्य संघ के लेटर पैड को बताया अमान्य, कार्रवाई की चेतावनी 

सुलतानपुर। लंबे समय से शिक्षक संगठनों के बीच चल रही रार व आधा दर्जन से अधिक शिक्षक संगठनों की उत्पत्ति से परेशान बीएसए दीपिका चतुर्वेदी ने मंगलवार को एक आदेश जारी कर दिया। उन्होंने तीन शिक्षक संगठनों को मान्य बताते हुए अन्य को अमान्य बताया है। साथ ही यदि तीन शिक्षक संगठनों के इतर लेटर पैड के जरिए विभाग पर अनुचित दबाव बनाया जाता है तो ऐसे संगठन के लोगों पर कार्रवाई करने की भी चेतावनी दी है।

बीएसए की ओर से मंगलवार को जारी एक आदेश में कहा गया है कि उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, उप्र जूनियर हाईस्कूल (पूर्व माध्यमिक) शिक्षक संघ और राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ को सचिव उप्र बेसिक शिक्षा परिषद प्रयागराज की ओर से उद्घोषित बताया है। यह भी कहा है कि मान्य संगठनों के अतिरिक्त विभाग पर अनुचित दबाव बनाए जाने के उद्देश्य से अनेक ऐसे पत्र प्राप्त होते हैं जो विभाग द्वारा अनुमन्य अथवा अनुमन्य संगठनों की ओर से निर्गत नहीं होते है जिसके कारण अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न होती हैं। इस तरह का कृत्य अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। अमान्य संगठन का संचालन करना कार्मिक प्रशासन के नियम के विपरीत है। यदि इन तीन संगठनों के अतिरिक्त कोई पत्र प्राप्त होता है तो संबंधित पर कार्रवाई की जाएगी।

सोशल मीडिया पर शुरू हुई बहस  
बीएसए की ओर से जारी पत्र सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। जिले के तमाम शिक्षक संगठनों के वाट्सएप ग्रुप पर बहस शुरू हो गई है। तरह-तरह के कमेंट्स किए जा रहे हैं।

ये भी पढ़ें : सुलतानपुर : 25 लाख की स्मैक के साथ मां-बेटा गिरफ्तार

संबंधित समाचार