बहराइच : राणाफार्म गांव में हाथियों का उत्पात, 36 बीघा फसल को रौंद कर किया बर्बाद
लगभग 50 की संख्या में खेतों में घुसा था हाथियों का झुंड
बहराइच। निशानगाड़ा रेंज के राणा फार्म गांव के किसानों के खेत में सोमवार रात पहुंचे हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। चिंघाड़ते हुए हाथियों ने 36 बीघा गन्ना, गेहूं व सब्जी की फसलों को रौंद डाला। हाथियों से फसलों को बचाने के लिए पूरी रात ग्रामीण हाका लगाते हुए ढोल पीपा पीटकर आग जलाते रहे लेकिन हाथी 2 घंटे बाद खेत से जंगल की ओर गए। इस दौरान हाथियों ने पूरी तरह से फसलों को रौंद दिया। किसानों ने रेंज कार्यालय पर सूचना दी है लेकिन कोई भी वनकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा। हाथियों के बढ़े हमले से ग्रामीण परेशान हैं।
थाना सुजौली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत मटेही का राणा फार्म गांव जंगल के समीप कतर्नियाघाट सेंचुरी के निशानगाड़ा रेंज में बसा हुआ है। सोमवार की रात करीब 10 बजे जब किसान अपने फसलों की रखवाली कर रहे थे तभी जंगल से निकल कर हाथियों का झुंड एकसाथ खेतों में घुस गया। हाथियों ने खेतों की बाउंड्री पर लगे तार फेंसिंग को तोड़कर फसलों को खाना और रौंदना शुरू कर दिया। चिंघाड़ते हुए हाथियों के झुंड ने पूरी रात खेतों में उत्पात मचाया। इस दौरान ग्रामीणों की एकत्रित भीड़ ने एकसाथ हाका लगाना शुरू किया। किसानों ने ढोल, पीपा पीटते हुए टॉर्च, लाठी, डंडे के सहारे हाथियों को खेत से निकालने की भरसक कोशिश की लेकिन सफल नहीं हुए। आधी रात तक हाथियों का झुंड खेतों में उत्पात मचाता रहा। हाथियों ने किसानों की लगभग 36 बीघा फसलों को बर्बाद कर दिया है।
इन किसानों की फसलों को हुआ नुकसान
हाथियों ने किसान सिपराज पुत्र फकली के 5 बीघा गेहूं, सुखराज पुत्र कुल बहादुर के 4 बीघा गेहूं, परदेशु पुत्र मिहीलाल के 5 बीघा गेहूं, कश्मीरा सिंह पुत्र मलूक सिंह का 5 बीघा गेहूं और 2 बीघा गन्ना, रंजीत कौर पुत्री रेशम सिंह के 1 बीघा गन्ना, टीकाराम पुत्र विश्राम के 10 बीघा गेहूं व शर्मा सिंह पुत्र मलूक सिंह के 4 बीघा गेहूं की फसलों को तहस-नहस कर दिया है।
नहीं आते हैं वन कर्मी, सुरक्षा के इंतज़ाम नहीं
किसानों का आरोप है कि रात को ही वन कर्मियों को सूचना दी गई लेकिन कोई भी वन कर्मी मौके पर नहीं पहुंचा, सुबह एक वन कर्मी ने घटनास्थल देखा है। वहीं सुरक्षा के कोई इंतजाम नही है टॉर्च, गोला, पटाखा आदि भी वन विभाग नहीं मुहैया करा रहा है, नुकसान का मुआवजा भी नही मिलता है।
ये भी पढ़ें : बहराइच : छापेमारी में छह क्विंटल लहन और शराब बरामद
