Kanpur News : मंदिर निर्माण रूकवाने पर बजरंगियों ने किया हंगामा, महापौर प्रमिला पांडेय मौके पर पहुंची
कानपुर में मंदिर निर्माण रूकवाने पर बजरंगियों ने हंगामा किया।
कानपुर के स्वरूप नगर में मेट्रो निर्माण में क्षतिग्रस्त मंदिर का स्थानीय लोग निर्माण करा रहे थे। नगर निगम टीम के द्वारा निर्माण रुकवाने पर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया।
कानपुर, अमृत विचार। स्वरूप नगर में मेट्रो निर्माण में क्षतिग्रस्त हुए हनुमान मंदिर का निर्माण रुकवाने पहुंची नगर निगम टीम को बजरंग दल और स्थानीय लोगों ने विरोध किया। दो दर्जन से अधिक लोग नगर आयुक्त शिवशरणप्पा जीएन से शिकायत करने नगर निगम पहुंच गए।
मामला शांत हुआ था कि हंगामा कर रहे कुछ लोग महापौर कार्यालय में भी शिकायत करने पहुंचे जिसके बाद उनके साथ महापौर प्रमिला पांडेय मौके पर पहुंची और टीम को रुकवाया, इसके साथ हंगामा कर रहे लोगों को भी शांत करा तत्काल मेट्रो से मंदिर का जीर्णोद्धार कराने के निर्देश दिए हैं।
बजरंग दल के जिला संयोजक कृष्णा तिवारी ने बताया कि हनुमान मंदिर के पीछे का हिस्सा मेट्रो निर्माण के दौरान क्षतिग्रस्त हो गया था। इसको मंदिर संचालक ने बनवाना शुरू किया। नगर निगम ने आपत्ति जताई और काम रुकवा दिया।
वहीं, महापौर प्रमिला पांडेय ने बताया कि सड़क किनारे स्थित मंदिर के पीछे के हिस्से को बढ़ाकर बनाया जा रहा था। इस पर नगर निगम की टीम ने काम को रुकवाया है, स्थानीय लोगों को समझाया है मेट्रो को ही निर्माण कराना चाहिए।
मेट्रो कराएगा मंदिर का जीर्णोद्धार
नगर आयुक्त शिवशरणप्पा जीएन ने बताया कि मेट्रो के निर्माण के दौरान मंदिर क्षतिग्रस्त हुआ था। ऐसे में मेट्रो को ही जीर्णोद्धार कराने के लिए कहा गया है। महापौर ने बताया कि किसी भी प्रकार का विवाद न हो इसके लिए मेट्रो अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जितना हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है, उतना मेट्रो निर्माण कराएगा।
