उत्तराखंड : भू-धंसाव प्रभावितों से मिलने जोशीमठ पहुंचे CM पुष्कर सिंह धामी
जोशीमठ, अमृत विचार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एक बार फिर भू-धंसाव से प्रभावित परिवारों से मिलने जोशीमठ पहुंचे हैं। गुरुवार को उन्होंने नरसिंह मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। भू-धंसाव के संकट का सामना कर रहे जोशीमठ में आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी स्थित नृसिंह मंदिर परिसर में दरारें आ गई हैं। बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने के बाद शंकराचार्य की गद्दी नृसिंह मंदिर में विराजमान रहती है। इसके बाद उन्होंने हालातों का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इससे पहले बुधवार को राहत राशि देने की घोषणा की थी। आपदा राहत मानकों से बाहर जाकर उन्होंने बाजार दर से नुकसान की भरपाई करने की घोषणा कर प्रभावितों की कुछ हद तक चिंता दूर करने की कोशिश की है। सभी कार्यक्रमों को स्थगित कर जोशीमठ पहुंचे मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि एक-एक पल की रिपोर्ट लेने आया हूं। मेरी पहली चिंता आज सिर्फ जोशीमठ है। सुबह से कई कार्यक्रम लगे थे। लेकिन उन्हें लगा कि इस संकट की घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ रहना चाहिए।
भू-धंसाव से प्रभावित प्रत्येक परिवार को राहत देना सरकार का पहला लक्ष्य है। सभी भवनों को तोड़ना सरकार का लक्ष्य नहीं है। सरकार ने प्रभावितों के पुनर्वास व मुआवजे के लिए कमेटी बना दी है। मुख्यमंत्री ने दूसरी बार ग्राउंड जीरो पर उतर कर प्रभावितों के बीच जाकर यह संदेश का प्रयास किया कि कठिन समय में सरकार साथ खड़ी है।
