बरेली: स्नातक में 20 अगस्त तक पंजीकरण, 10 सितंबर तक होंगे प्रवेश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। महात्मा ज्योतिबा फुले (एमजेपी) रुहेलखंड विश्वविद्यालय के स्नातक प्रथम वर्ष के पाठ्यक्रम-बीए, बीएससी, बीकॉम, बीबीए, बीसीए, एलएलबी समेत अन्य कोर्स में 10 सितंबर तक प्रवेश होंगे। बुधवार को प्रवेश समिति ने प्रवेश कार्यक्रम पर मुहर लगा दी है। 5 अगस्त को प्रवेश पंजीकरण की अंतिम तिथि थी। समिति ने इसे 20 अगस्त तक …

बरेली,अमृत विचार। महात्मा ज्योतिबा फुले (एमजेपी) रुहेलखंड विश्वविद्यालय के स्नातक प्रथम वर्ष के पाठ्यक्रम-बीए, बीएससी, बीकॉम, बीबीए, बीसीए, एलएलबी समेत अन्य कोर्स में 10 सितंबर तक प्रवेश होंगे। बुधवार को प्रवेश समिति ने प्रवेश कार्यक्रम पर मुहर लगा दी है। 5 अगस्त को प्रवेश पंजीकरण की अंतिम तिथि थी। समिति ने इसे 20 अगस्त तक के लिए बढ़ा है।

बरेली-मुरादाबाद मंडल के जो अभ्यर्थी रुविवि में प्रवेश पंजीकरण नहीं कर सके हैं। उन्हें राहत बड़ी राहत मिली है। रुविवि में अब तक 1.38 लाख आवेदन हुए है। इसमें 1.22 लाख ने पंजीकरण शुल्क जमा किया है।

प्रवेश प्रक्रिया ऑनलाइन मोड में ही पूर्ण होगी। रुविवि की वेबसाइट पर पंजीकरण कराने वाले विद्यार्थी जिस कॉलेज में प्रवेश लेना चाहते हैं, उस कॉलेज की वेबसाइट पर 10 अगस्त से 23 अगस्त तक आवेदन करेंगे। महाविद्यालय 25 अगस्त से मेरिट बनाकर 10 सितंबर तक एडमिशन प्रक्रिया पूरी करेंगे। बुधवार को हुई समिति की बैठक में निर्धारित यह कार्यक्रम महाविद्यालयों को भेजा जा रहा है। यूजीसी ने 15 सितंबर तक स्नातक प्रथम वर्ष की प्रवेश प्रक्रिया संपन्न कराने की समयसीमा निर्धारित की है।

परास्नातक पर बाद में निर्णय
20 अगस्त तक ही परास्नातक के भी पंजीकरण होंगे। इसकी तिथि बढ़ भी सकती है। इसलिए क्योंकि यूजीसी ने परास्नातक पाठ्यक्रमों में 31 अक्टूबर तक प्रवेश की मोहलत दे रखी है। हालांकि रुविवि प्रशासन ने अभी परास्नातक के प्रवेश कार्यक्रम को अंतिम रूप नहीं दिया है।

प्रवेश परीक्षा पर दूसरों के फैसले की प्रतीक्षा
प्रवेश समिति बीपीएड, बीएलएड, एमएड, एमएससी, एलएलएम और एमफिल की प्रवेश परीक्षा पर कोई निर्णय नहीं कर सकी। समिति के समक्ष यह प्रस्ताव रखा गया था कि प्रवेश परीक्षा स्थगित कर मेरिट से प्रवेश लिए जाएं। तय हुआ कि अभी दूसरे विश्वविद्यालयों ने प्रवेश परीक्षा पर कोई फैसला नहीं किया है। इसलिए इस विषय पर बाद में निर्णय लिया जाएगा।

बीएससी नर्सिंग में मेरिट से होंगे एडमिशन
समिति ने बीएससी नर्सिंग में प्रवेश परीक्षा न कराकर मेरिट से प्रवेश लेने का निर्णय लिया है। गत वर्ष नर्सिंग में एंट्रेंस से प्रवेश हुए थे। दरअसल, नर्सिंग काउंसिल ने प्रवेश परीक्षा और मेरिट दोनों से प्रवेश के विकल्प खुले रखे हैं। बायोलॉजी विषय के साथ इंटरमीडिएट करने वाले अभ्यर्थी बीएससी नर्सिंग में प्रवेश के लिए आवेदन कर सकते हैं।

“महाविद्यालयों को 10 सितंबर तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी। वहीं, अभ्यर्थियों को 20 अगस्त तक रुविवि की वेबसाइट पर पंजीकरण कराने का अवसर दिया गया है। इस अंतराल में अपना पंजीकरण आवश्य करा दें। तभी किसी कॉलेज में प्रवेश मिलेगा।” -प्रोफेसर एसके पांडेय, प्रवेश समन्वयक रुविवि

संबंधित समाचार