रायबरेली: तीन दिन पूर्व गांव आए बुजुर्ग की संदिग्ध हालत में मौत, पुलिस कर रही जांच
बछरावां/ रायबरेली, अमृत विचार। तीन दिन पहले गांव पहुंचे एक अज्ञात बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। बुजुर्ग की मौत के बाद गांव में हड़कंप मच गया है। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है, और मामले की जांच शुरू कर दी है।
क्षेत्र के गांव सुदौली में तीन दिन पहले एक बुजुर्ग कहीं बाहर से घूमता हुआ पहुंचा था। ग्रामीणों ने जब बुजुर्ग को देखा तो ठंड से बचने के लिए उसे कुछ गर्म कपड़े दिए। कुछ ग्रामीणों ने उसे सोने के लिए गर्म बिस्तर देकर गांव के पास स्थित जीपीआरपी इंटर कॉलेज के बगल में बनी नवीन मार्केट में रहने के लिए जगह दे दिया। तीन दिन से बुजुर्ग इसी स्थान पर रह रहा था। शनिवार की सुबह जब ग्रामीण नवीन मार्केट की तरफ गए तो बुजुर्ग का शव पड़ा हुआ था। बुजुर्ग के शव देखकर पूरे गांव में हड़कंप मच गया। मामले की सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई ।
उसके बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। कोतवाल नारायण कुशवाहा ने बताया कि अज्ञात बुजुर्ग का शव मिला है। जिसका पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मौत की वजह की जांच की जा रही है। उधर ग्रामीणों का कहना है कि बुजुर्ग बातचीत में बस्ती जिले का रहने वाला प्रतीत हो रहा था।
ये भी पढ़ें -लखनऊ में MLC चुनाव को लेकर बीजेपी की बड़ी बैठक जारी, कई विधायक और पदाधिकारी मौजूद
