अयोध्या : चटक धूप ने निकाल दी सर्दी की ‘गर्मी’ 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नए वर्ष के शुरुआती माह में पहले दिन सामान्य से दो डिग्री ऊपर पहुंचा तापमान

अयोध्या। नए साल के पहले दिन से पड़ रही जोरदार सर्दी की सूर्य देव के आगे हवा निकल गई। शनिवार को मौसम सुबह से ही साफ रहा। सुबह घड़ी में सात बजते ही सूर्य देव बादलों को चीरते हुए निकले। 10 बजे तक तो धूप सामान्य थी, लेकिन 12 बजे के बाद धूप में बैठना आसान नहीं था। दिन भर की गर्मी देखकर लोगों को चैत्र के दिनों की याद आने लगी।

पिछले 13 दिनों से चल रहीं सर्द हवाएं भी थमी रहीं, जिसके बाद घरों में दुबके बुजुर्गों ने दिन भर न्यूजपेपर के सहारे धूप सेंकी। महिलाएं भी चूल्हा-चौका करने के बाद छतों पर नजर आईं। छुट्टी का दिन होने के नाते अमूमन परिवार घर पर ही था। दोपहर दो बजे का आलम यह था कि लोग छत से नीचे उतर आए। हालांकि महिलाओं ने कपड़ों और अन्य सामग्रियों को सुखाकर राहत की सांस ली। बाजारों में भी रौनक लौटी नजर आई। व्यापारियों के चेहरे भी खिले नजर आए। सड़कों पर लोग हाफ स्वेटर और जैकेट में दिखे। आचार्य नरेंद्र देव कृषि विवि के मौसम विभाग की मानें तो अधिकतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री अधिक 23 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

अभी फिर चार डिग्री नीचे जाएगा पारा, बढे़गी गलन

आचार्य नरेंद्र देव कृषि विवि के मौसम वैज्ञानिक डॉ.सीताराम मिश्र बताते हैं भले ही शनिवार को धूप निकली हो, लेकिन अब कोहरा और बढ़ेगा। साथ ही न्यूनतम पारा भी चार डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। आगामी 24 घंटे में पछुवा हवा चलने की संभावना है, जिस कारण औसत तापमान सामान्य से कम रहने और अभी ठंड से राहत नहीं मिलने के आसार हैं।

संबंधित समाचार