खिलाड़ियों को मिलेगी विदेश में ट्रेनिंग की सुविधा : नवनीत सहगल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

राज्य स्तरीय टेनिस प्रतियोगिता के विजेताओं को किया पुरस्कृत

लखनऊ। खिलाड़ियों को विदेश में भी ट्रेनिंग के लिए भेजा जाएगा। खेलों को बढ़ावा देने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को हर सुविधा देगी। उनकी ट्रेनिंग का खर्च भी प्रदेश सरकार उठायेगी। यह बातें उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव खेल डॉ. नवनीत सहगल ने दी। शनिवार को वह आशियाना स्थित उन्नाद टेनिस अकादमी पहुंचे और यहां पर राज्य स्तरीय टेनिस प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया। उत्तर प्रदेश टेनिस संघ की देखरेख में खेले जा रही इस प्रतियोगिता के तीसरे दिन शनिवार को सब जूनियर स्तर वर्ग के विजेतओं को पुरस्कृत किया गया।

उत्तर प्रदेश टेनिस संघ (यूपीटीए) की देखरेख में राज्यस्तरीय टेनिस प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। यहां पर पुरस्कार वितरण से पूर्व अपर मुख्य सचिव खेल डॉ. नवनीत सहगल ने कहा कि योगी सरकार प्रदेश में खिलाड़ियों को सीधी भर्ती तक दे रही है। इसके अलावा नए खिलाड़ियों को एकलव्य फंड के जरिए देश विदेश में ट्रेनिंग भी दिलाएगी। नई खेल नीति में पहली बार इस तरह की व्यवस्था की गई है। पुरस्कार वितरण के दौरान यूपीटीए के सचिव पुनीत अग्रवाल, उपाध्यक्ष सुधीर हलवासिया, उपाध्यक्ष ब्रिगेडियर एके सिन्हा भी मौजूद रहे। सब जूनियर वर्ग के विजेताओं को सम्मानित करने के साथ ही जूनियर और सीनियर वर्ग की प्रतियोगिताओं का उद्घाटन भी आज किया गया। इस मौके पर ट्रॉफियों का भी अनावरण किया गया।

ये भी पढ़ें : लखनऊ : भारत के लिए लकी रहा है राजधानी का इकाना स्टेडियम

संबंधित समाचार