भवाली: डीसीजी से युवकों ने की मारपीट, अधिवक्ताओं में रोष
भवाली, अमृत विचार। रामगढ़ से लौट रहे जिला शासकीय अधिवक्ता ( डीसीजी फौजदारी) सुशील शर्मा को कुछ युवकों ने मारपीट कर घायल कर दिया। शनिवार देर शाम डीसीजी सुशील शर्मा ड्राइवर हेमू और विपिन के साथ रामगढ़ से लौट रहे थे।
तभी कहलक्वीरा के पास सामने से आ रही कार उनकी कार से टकरा गई। इसके बाद कार सवार युवकों ने सुशील शर्मा के साथ गाली गलौज और मारपीट की, जिसमें सुशील घायल हो गए। डीसीजी ने मामले की सूचना पुलिस और स्थानीय अधिवक्ताओं को दी। मौके पर पहुंचे लोगों ने घायल सुशील को अस्पताल भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार दिया।
इसके बाद डीसीजी सुशील ने आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी। सीओ नितिन लोहनी ने बताया कि दो कारों की भिड़ंत के बाद मारपीट हुई है। जल्दी ही जांच कर कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद अधिवक्ताओं में रोष है। इस दौरान अधिवक्ता शिवांशु जोशी, नीरज, भागवत प्रसाद, कमल, पंकज ने रोष व्यक्त कर जल्द कार्रवाई करने की मांग की।
