संभल: ट्रैक्टर-ट्रॉली से बचाने के प्रयास में रेलिंग से टकराई बस, 12 यात्री घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मनोटा पुल के पास हादसा, यात्रियों में मची चीख पुकार, अमरोहा से संभल आ रही थी बस, 48 यात्री थे सवार

संभल/असमोली, अमृत विचार। असमोली थाना क्षेत्र में अमरोहा से संभल आती निजी बस ईंटों से भरी ट्रैक्टर ट्राली को बचाने के प्रयास में रेलिंग से टकरा गई। बस में सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई। राहगीरों ने यात्रियों को बाहर निकाला। लेकिन काफी देर तक महिलाएं और बच्चे सहमे रहे। हादसे में करीब 12 यात्री मामूली रूप से चोटिल हुए। 

अमरोहा से संभल के लिए निजी बस यात्रियों को लेकर चली। बस में 48 यात्री सवार थे, जैसे ही बस असमोली थाना क्षेत्र में मनोटा पुल के पास पहुंची तो अचानक ईंटों से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली आ गई। बस चालक इकबाल निवासी संभल ने ट्रैक्टर ट्रॉली को बचाने का प्रयास किया तो बस अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकरा गई। यात्रियों में चीख पुकार मच गई। आसपास के लोगों और राहगीर मौके पर पहुंचे। 

लोगों ने डरे सहमे यात्रियों को बस से बाहर निकाला। घटना के बाद दूसरी बस की व्यवस्था कराई गई। यात्रियों ने दूसरी बस में सवार होकर संभल का रुख किया। वहीं मनोटा पुल के पास जिस स्थान पर हादसा हुआ है वहीं पर ढलान भी है। गनीमत यह रही कि बस रेलिंग से टकराकर रुक गई। हालांकि हादसे में बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन बस साइड में नहीं पलटी। मौके पर मौजूद लोग इस बात को लेकर चर्चा करते नजर आए कि अगर बस पलट जाती तो हादसा बड़ा हो सकता था।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: अवैध खनन की शिकायत पर पहुंचे उप जिलाधिकारी, पोकलैंड और डंपर सीज

संबंधित समाचार