Kanpur News : बिजली दरें बढ़ने पर ग्रामीण और व्यापारियों को पहुंचेगी चोट, UPPCL ने इजाफे का भेजा प्रस्ताव
Kanpur News कानपुर में बिजली की बढ़ोतरी को लेकर यूपीपीसीएल ने भेजा प्रस्ताव।
Kanpur News कानपुर में यूपीपीसीएल ने बिजली की दरों में इजाफे का प्रस्ताव भेजा। इससे ग्रामीण और व्यापारियों को चोट पहुंचेगी। व्यवसायिक की 50 पैसे से एक रुपये तक बिजली महंगी हो सकती।
कानपुर, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) ने बिजली की दरों में बढ़ोत्तरी का प्रस्ताव विद्युत नियामक आयोग को भेजा है। इसके लागू होने से सबसे ज्यादा चोट ग्रामीण और व्यवसायिक उपभोक्ताओं पर पड़ेगी।
ग्रामीणों को एकमुश्त 50 रुपये और व्यवसायिक उपभोक्ताओं को 50 पैसे से एक रुपये तक प्रति यूनिट अतिरिक्त मूल्य चुकाना पड़ेगा। इससे व्यापारियों में जबरदस्त रोष है। दरें लागू होने पर उनके बिल में काफी बढ़ोतरी हो जाएगी।
अनमीटर्ड को एकमुश्त देना होगा पैसा
यूपीपीसीएल के पांचों डिस्काम में गांवों में लाखों अनमीटर्ड उपभोक्ता है। पूर्व में इनसे एकमुश्त 350 रुपये प्रतिमाह लिया जाता है। जिसको बढ़ा कर 500 रुपये कर दिया गया। नई दरें लागू होने पर हर माह 550 रुपये चुकाने होंगे।
व्यापारियों को भी लगेगा करंट
व्यवसायिक संस्थानों का बिजली बिल हजारों रुपये में आता है। इसमें प्रति यूनिट 50 पैसे से एक रुपये तक की बढ़ोत्तरी हो जाएगी। मौजूदा समय में छोटे व्यवसायिक उपभोक्ताओं को 7 से 10 रुपये और बड़े उपभोक्ताओं को लगभग 14 रुपये प्रति यूनिट के हिसाब से बिजली मिलती है। व्यापारी नेता ज्ञानेश मिश्रा का कहना है कि बिजली की दरों के प्रस्ताव को मंजूरी मिलने से व्यापारियों को अतिरिक्त पैसों का बोझ उठाना पड़ेगा।
बिजली कर्मचारी संगठनों ने यूपीपीसीएल के इस प्रस्ताव पर विरोध जताया है। इसके लागू होने से ग्रामीण और व्यवसायिक ही नहीं आम उपभोक्ता पर भी अतिरक्त भार पड़ेगा।- विजय त्रिपाठी, अध्यक्ष बिजली कर्मचारी यूनियन, कानपुर
