बिजनौर: बाइक सवार दो बदमाशों ने महिला से 30,000 रुपये से भरा थैला छीना
बिजनौर, अमृत विचार। नगर की पंजाब नेशनल बैंक शाखा से 30,000 रुपये निकालकर पैदल जा रही महिला से बाइक सवार दो बदमाश उसका थैला छीनकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही एसपी पूर्वी व एसओजी टीम ने भी मौके पर जाकर जानकारी जुटाई। पीड़ित महिला ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है ।
क्षेत्र के गांव जसमोर ड्यौढ़ी निवासी ललिता पत्नी सूरजपाल ने सोमवार की दोपहर नगर स्थित पंजाब नेशनल बैंक की स्योहारा शाखा से 30,000 रुपये निकाले और अपना मोबाइल व रुपये थैले में रखकर सड़क पर पैदल घर की और चल दी। जैसे ही वह मिल चौराहे के निकट लकड़ी की टाल के सामने पहुंची तो मुरादाबाद की ओर से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने उसके हाथ से थैला छीन लिया और फरार हो गए। महिला के शोर मचाने पर जब तक लोग इकट्ठा हुए तब तक बदमाश फरार हो चुके थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बैंक शाखा के आसपास लगे सभी सीसीटीवी फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया।
बीडीसी सदस्य है पीड़िता
ललिता ने बताया कि वह बीडीसी सदस्य है और उसने मन्नत मांगी थी कि यदि वह चुनाव जीत जाएगी तो गांव में पिंडदान स्थल का निर्माण कराएगी। वह बैंक की शाखा से 30,000 रुपये निकालने आई थी और रुपये निकालकर थैले में रख लिए और उसी में अपना आधार कार्ड, मोबाइल और दूसरे बैंक की किताब रखकर चल दी। जैसे ही वह अपने घर जाने के लिए मुरादाबाद रोड पर चली तभी पीछे से आये दो बाइक सवार युवक उसके हाथ से नोटों का थैला छीनकर फरार हो गए।
एसओजी टीम भी जांच में जुटी
सूचना मिलते ही एसपी पूर्वी धर्म सिंह मार्छाल व स्थानीय पुलिस के साथ ही एसओजी की टीम भी जांच में जुट गई। प्रभारी निरीक्षक राजीव चौधरी ने बताया कि पुलिस बारीकी से मामले की जांच कर रही है जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
ये भी पढ़ें:- संभल: 'ट्रेन में मारपीट कर दाढ़ी खींचने की घटना कौम के लिए चैलेंज'
