मेरठ: 13वें दिन भी धरना जारी, बुधवार से भूख हड़ताल पर बैठेंगे 3 कार्यकर्ता

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मेरठ, अमृत विचार। दौराला फ्लाईओवर के नीचे चल रहा भारतीय किसान यूनियन का धरना बड़ा रूप लेने लगा है। मंगलवार को 13वें दिन भी धरना जारी रहा। मांगे पूरी ना होने पर पदाधिकारियों ने बुधवार से तीन कार्यकर्ताओं के भूख हड़ताल पर बैठने का निर्णय लिया। 

ये भी पढे़ं- मेरठ: चाइनीज मांझे से वृद्ध व्यापारी घायल, गंभीर हालत में कराया अस्पताल में भर्ती

आवारा पशुओं से निजात दिलाएं जाने समेत 5 सूत्रीय मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता दौराला फ्लाईओवर के नीचे धरने पर बैठे हुए हैं। मंगलवार को धरना 13वें  दिन भी जारी रहा। धरने के शुरुआत में प्रशासनिक अधिकारी कार्यकर्ताओं से वार्ता करने के लिए पहुंचे। लेकिन, पिछले 10 दिन से कोई भी अधिकारी कार्यकर्ताओं से वार्ता के लिए नहीं पहुंचा। जिस, कारण कार्यकर्ताओं में रोष बढ़ने लगा है। मंगलवार को धरने में धरना कमेटी का गठन किया गया। कमेटी ने निर्णय लिया कि बुधवार को कार्यकर्ता जगशोरण, मनोज त्यागी, महराज सिवाया भूख हड़ताल पर बैठेंगे।

धरना लेगा बड़े आंदोलन का रूप
धरने में शामिल उपेंद्र प्रधान ने कहा कि धरने को अब बढ़ाया जाएगा। अभी तक समस्याओं का निवारण नहीं किया गया है। साथ ही कहा कि चिंतन शिविर के बाद धरना बड़े आंदोलन का रूप लेगा। धरने को दौराला फ्लाईओवर के नीचे से हटाकर मुख्य मार्ग या सिवाया टोल प्लाजा पर रखा जाएगा। इसको लेकर रणनीति तैयार की जा रही है। साथ ही अन्य जिलों के पदाधिकारियों को भी सूचित कर दिया गया है। 

पशुओं के लिए नहीं चारे की व्यवस्था
एनसीआर महासचिव मनोज त्यागी ने आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ आवारा पशुओं को दौराला पानी की टंकी के नीचे बांधा गया था। उनके लिए प्रशासन की तरफ से चारे की कोई व्यवस्था नहीं की गई। ना ही उन पशुओं को गौशाला भेजा गया। जिस, कारण पशु कड़ाके की ठंड में ठिठुरने पर मजबूर हैं। वहीं, भूख प्यास से पशु कमजोर होते जा रहे हैं। धरने में महकार सिंह, विकास, महराज, आकाश सिरोही, मिंटू दौराला, मनोज त्यागी, छोटू गेजा, भीषम, मोनू दौराला,  अमरीश सकौती, शक्ति आदि मौजूद रहे।

ये भी पढे़ं- मेरठ: गैंगरेप पीड़िता को लेकर SSP कार्यालय पहुंचे राज्यमंत्री, बोले- औपचारिक थी मुलाकात

 

संबंधित समाचार