Hamirpur Suicide : पारिवारिक कलह से परेशान प्रधानाध्यापक ने स्कूल में लगाई फांसी, जांच में जुटी पुलिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

Hamirpur Suicide हमीरपुर में प्रधानाध्यापक ने स्कूल में फांसी लगाई।

Hamirpur Suicide हमीरपुर के मुस्करा थाना क्षेत्र में पारिवारिक कलह से परेशान प्रधानाध्यापक ने स्कूल में फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना पाकर पहुंची पुंलिस ने जांच पड़ताल की।

हमीरपुर, अमृत विचार। कन्या प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने विद्यालय के ऑफिस रूम में रस्सी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह जब स्टाफ स्कूल पहुंचा तो घटना की जानकारी हुई। जिससे गांव सहित पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

विकासखंड सरीला क्षेत्र के उपरहंका गांव के कन्या प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुग्रीव श्रीवास (58) पुत्र कमती श्रीवास निवासी कंधौली थाना मुस्करा ने मंगलवार को विद्यालय के ऑफिस रूम में रस्सी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या की वजह पारिवारिक कलह बताई जा रही है।

मृतक के चार पुत्रियां और एक पुत्र है। सभी पुत्रियां शादीशुदा है वहीं पुत्र अविवाहित है। मृतक प्रधानाध्यापक के इकलौते पुत्र भानुप्रताप ने बताया कि रोज की तरह मंगलवार को पिता कंधौली से बाइक से स्कूल गए थे, जब देर शाम तक घर वापस नहीं लौटे, तो चिंता होने लगी। उनके फोन में बराबर घंटी जाती रही, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ।

तब पिता को ढूंढने उपरहका गए। जहां जानकारी मिली की छुट्टी बाद वह बाइक से घर निकल गए थे। तब लौटकर थाना मुस्करा में पिता के बारे में मौखिक सूचना दी। मोबाइल की लोकेशन जानने के लिए प्रार्थना की। बुधवार सुबह जब स्कूल का सफाई कर्मी व रसोइया वहां पहुंचे तो ऑफिस वाले कमरे में उनका शव जमीन में पड़ा मिला।

गले में टूटी रस्सी फंसी थी और सिर से निकला खून फर्श पर पड़ा था। गले में फंसी रस्सी का आधा हिस्सा छत के पंखे से बंधा था। आनन-फानन घटना की सूचना थाना मुस्करा पुलिस को दी गई। जिस पर प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेते हुए डॉग स्क्वायड टीम को घटना स्थल पर जांच के लिए बुलाया।

प्रधानाध्यापक के साथ कार्यरत सहायक अध्यापक रविंद्र कुमार ने बताया कि वह काफी दिनों से मानसिक रूप से परेशान रहते थे। पिछले दो दिनों से ज्यादा परेशान थे और घर की समस्याओं को साझा करते हुए कह रहे थे कि ऐसा लगता है कि फांसी लगाकर आत्महत्या कर लें।

बताया बेटे द्वारा शादी के रिश्ते को नकारना और एक बेटी जो कानपुर में रहती है उसके द्वारा नाजायज पैसों की मांग से ज्यादा परेशान थे। बताया कि कल छुट्टी के बाद साथ में विद्यालय से बाहर निकले और हम सभी स्टाफ के लोग अपने अपने घर चले गए। तब प्रधानाध्यापक भी वहां से चले गए, लेकिन कब वापस स्कूल लौट आए किसी को पता नहीं चल पाया। घटनास्थल पर पहुंचे खंडशिक्षा अधिकारी सरीला आशीष चौहान ने बताया कि वर्ष 1999 में इनकी नियुक्ति हुई थी।

वर्ष 2012 से उपरहका कन्या प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत थे। कहा घटना बहुत ही दुखद है। घर की समस्याओं को लेकर डिप्रेशन में रहते थे। मृतक प्रधानाध्यापक चार भाई थे। जिनमें मृतक के छोटे भाई खलक सिंह ने भी करीब छह वर्ष पहले फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। वह भी गुंदेला प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक थे।

थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर जानकारी कर रहे हैं। कहा कि पुत्र ने सूचना दी है। उधर प्रधानाध्यापक की मौत पर सीओ राठ एएन सिंह ने कहा कि घटना की बारीकी से जांच की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई होगी।

 

संबंधित समाचार