SP MLA Irfan Solanki की अवैध संपत्ति की जाएगी जब्त, पुलिस ने पोस्टर किया जारी
कानपुर में सपा विधायक इरफान सोलंकी की अवैध संपत्ति जब्त की जाएगी।
कानपुर में सपा विधायक इरफान सोलंकी की अवैध संपत्ति जब्त जी जाएगी। इसको लेकर पुलिस ने एक पोस्टर भी जारी किया।
कानपुर, अमृत विचार। सपा विधायक इरफान सोलंकी और उनके सहयोगियों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रहीं हैं। पुलिस ने विधायक और उनके सहयोगियों की बेनामी संपत्तियों की जांच पूरी कर ली है। जल्द ही 14 ए गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई के तहत विधायक व सहयोगियों पर प्रशासन कड़ा शिकंजा कसने जा रहा है। उनकी बेनामी संपत्तियों के जब्तीकरण की कार्रवाई शुरू की जाएगी। कड़ी कार्रवाई को लेकर पुलिस ने इस मामले में पूरी तैयारी कर ली है।
विधायक और उनके भाई रिजवान सोलंकी, शौकत अली पहलवान, हिस्ट्रीशीटर इजराइल आटे वाला और मोहम्मद शरीफ समेत पांच पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की गई थी। इसकी जांच वर्तमान में थाना फीलखाना इंस्पेक्टर कर रहे हैं। संयुक्त पुलिस आयुक्त आनंद प्रकाश तिवारी ने बताया कि सपा विधायक और उनके साथियों द्वारा जो संपत्ति चिह्नित की गई है, उसे गैंगस्टर एक्ट के तहत जब्तीकरण की कार्रवाई शुरू की जा रही है।
एक से दो दिन के भीतर गैंगस्टर मामले में भी चार्जशीट दाखिल कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने अब तक 50 करोड़ से अधिक की संपत्ति चिह्नित की है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि जो सपा विधायक और उनके गैंग में शामिल सदस्य गलत तरीके से संपत्तियां अर्जित किए थे। वीआईपी रोड पर छह और जाजमऊ में एक अपार्टमेंट शामिल हैं।
जाजमऊ में संपत्ति की जांच शुरू
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक विधायक इरफान सोलंकी गैंग के लीडर हैं। गैंग के सक्रिय सदस्य शौकत अली के साथ जाजमऊ के पुरानी चुंगी में हिलाल अपार्टमेंट के नाम से बहुमंजिला इमारत बनवा रहे थे। गैंगस्टर एक्ट के तहत जब्तीकरण को लेकर विधायक के सहयोगी तीन टेनरी मालिक उसे अर्द्धनिर्मित बिल्डिंग बेचने की फिराक में है, जिससे कि उस इमारत को गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई से बचाया जा सके। प्रापर्टी की कीमत 25 करोड़ से अधिक की आंकी गई है।
सूत्रों ने बताया कि तीनों टेनरी मालिक सपा विधायक और शौकत अली के लिए काम करते हैं। टेनरी महज दिखावे के लिए है। इसके साथ ही रिजवान सोलंकी की डिफेंस कॉलोनी में एक और प्रापर्टी होने की बात सामने आई है। जेसीपी ने बताया कि इन सब संपत्तियों का सत्यापन कराया जा रहा है।
कई शहरों में बेनामी संपत्तियां
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया था कि इरफान की कानपुर, मुम्बई, लखनऊ, नोएडा, राजस्थान, अजमेर व जयपुर में कई बेनामी संपत्तियां हैं। लखनऊ में मकान और मुम्बई व नोएडा में फ्लैट व जमीन होने की जानकारी मिली थी। इन सब पर धीरे-धीरे कार्रवाई की जाएगी।
