मुरादाबाद : हिन्दू मॉडल इंटर कॉलेज में दो गुटों के बीच मारपीट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

छात्रों में सीट को लेकर हुआ था विवाद, पुलिस ने हालात पर पाया काबू

मुरादाबाद, अमृत विचार। सिटी कोतवाली क्षेत्र स्थित हिन्दू माडल इंटर कालेज गुरुवार को छात्रों के दो गुटों के बीच जंग का अखाड़ा बन गया। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। अफरातफरी के बीच सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपियों को कोतवाली लाकर पुलिस ने पूछताछ की। हालांकि मारपीट के सनसनीखेज मामले में दोनों ही पक्षों ने देर शाम समझौता कर लिया। 

हिन्दू मांडल इंटर कालेज के प्रधानाचार्य नन्हें सिंह के मुताबिक गुरुवार को दोपहर बाद करीब दो बजे छात्रों की छुट्टी हुई। छात्र कक्ष से निकल कर गेट की ओर बढ़ रहे थे। इस बीच कालेज गेट पर छात्रों के दो गुटों के बीच अचानक मारपीट शुरू हो गई। मारपीट के कारण कालेज में अफरातफरी व भगदड़ का माहौल खड़ा हो गया। छानबीन में पता चला कि कक्षा नवीं के दो छात्रों के बीच सीट पर बैठने को लेकर विवाद हुआ था। एक छात्र ने कुछ बाहरी लोगों को मारपीट होने की जानकारी दी। छुट्टी के वक्त कुछ अराजक तत्व कालेज गेट पर जमा हो गए। अराजक तत्वों ने एक छात्र पर हमला बोल दिया। गेट पर अफरातफरी मच गई। इस बीच एकजुट हुए कालेज के छात्रों ने दो अराजक तत्वों को दबोच लिया।
 
दोनों को कालेज परिसर के भीतर लाया गया। घटना की जानकारी तत्काल सिटी कोतवाली पुलिस को दी गई। कुछ ही देर में दोनों पक्षों के परिजन भी मौके पर आ गए। पुलिस आरोपी छात्रों को अपने साथ कोतवाली ले गई। उधर सिटी कोतवाली प्रभारी विप्लव शर्मा ने बताया कि कक्षा नवीं के दो छात्रों के बीच सीट पर बैठने के विवाद में हाथापाई हुई थी। मामले में दोनों ही पक्षों ने कानूनी कार्रवाई से किनारा कर लिया। समझौते के आधार पर दोनों पक्षों को हिदायत देते हुए छोड़ दिया गया।

हिन्दू-मुस्लिम गेट के बाहर, कालेज में सभी विद्यार्थी एक समान: प्राचार्य
मुरादाबाद, अमृत विचार। हिन्दू कॉलेज में गुरुवार को दोपहर एक बजे तक गहमागहमी का माहौल रहा। कॉलेज प्रशासन की ओर से गेट पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। हालांकि इस दौरान कुछ छात्राओं ने बुर्का उतारकर अंदर आने पर आपत्ति जताई। यूनिफार्म में आने वाले छात्र-छात्राओं को प्रवेश दिया गया।

प्राचार्य डॉ.सत्यव्रत सिंह रावत ने बताया कि अराजकतत्वों के कारण कॉलेज का माहौल का बिगड़ रहा था। बताया कि पहले कॉलेज और बाहर से आने वालों में अंतर नहीं हो पाता था। पूछताछ पर बहाने बनाकर निकल जाते थे। बताया कि पार्टी विशेष द्वारा मुद्दे से भटकाने की कोशिश की जा रही है। जो सफल नहीं होगी। यहां हिन्दू-मुस्लिम का कोई मसला नहीं है। कॉलेज में सभी विद्यार्थी समान हैं। यहां अनुशासनपरक शिक्षा मुहैया कराना हमारा उद्देश्य है। बताया कि अब कॉलेज प्रशासन द्वारा सख्ती बढ़ाई जा रही है। बिना यूनिफार्म किसी को कालेज में नहीं आने दिया जाएगा। अगर किसी विद्यार्थी को यूनिफार्म से दिक्कत है तो वह किसी अन्य कालेज में दाखिला ले सकता है। वहीं गोकुलदास कॉलेज की प्राचार्य चारु मल्होत्रा ने िहंदू कालेज पहुंचकर बताया कि उनके यहां 85 प्रतिशत छात्राएं मुस्लिम हैं। लेकिन, उनके यहां कभी दिक्कत नहीं हुई। सभी ड्रेस में आती हैं।  

चेंजिंग रूम में भरा पानी  
गुरुवार को कॉलेज पहुंचे समाजवादी छात्र सभा के जिलाध्यक्ष असलम चौधरी ने आरोप लगाया कि मुस्लिम छात्राओं के बुर्के गेट पर उतरवाए जा रहे थे। जबकि कॉलेज में गर्ल्स कॉमन रूम बना है। बताया कि कॉलेज प्रशासन की ओर से गेट पर ही चेंजिंग रूम बनाया गया है। जिसमें पानी भरा हुआ है। उन्होंने कॉमन रूम तक छात्राओं को बुर्के में जाने की अनुमति देने की मांग की। जहां से चेंज करने के बाद छात्राएं ड्रेस में कक्षा में जाएंगी।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : लापरवाही... नियमों की धज्जियां उड़ा सड़कों पर फर्राटा भर रहे वाहन

संबंधित समाचार