गिरीश चन्द्र मुर्मू होंगे देश के नये नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के पूर्व उपराज्यपाल गिरीश चन्द्र मुर्मू को देश का नया नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) नियुक्त किया गया है। गिरीश चन्द्र मुर्मू 14वें कैग प्रमुख होंगे। वह राजीव महर्षि का स्थान लेंगे। गिरीश चन्द्र मुर्मू की नियुक्ति उनके कार्यभार संभालने के दिन से मानी जायेगी। केन्द्र सरकार की तरफ से गुरुवार देर …
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के पूर्व उपराज्यपाल गिरीश चन्द्र मुर्मू को देश का नया नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) नियुक्त किया गया है। गिरीश चन्द्र मुर्मू 14वें कैग प्रमुख होंगे। वह राजीव महर्षि का स्थान लेंगे। गिरीश चन्द्र मुर्मू की नियुक्ति उनके कार्यभार संभालने के दिन से मानी जायेगी। केन्द्र सरकार की तरफ से गुरुवार देर रात इस संबंध में अधिसूचना जारी की गयी।
कैग प्रमुख का कार्यकाल नियुक्ति से छह वर्ष अथवा 65 वर्ष से कम उम्र तक माना जाता है। उन्होंने बुधवार को जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल पद से इस्तीफा दिया था। वर्ष 1985 बैच के गुजरात कैडर के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी गिरीश चन्द्र मुर्मू प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ गुजरात में काम कर चुके हैं जब पीएम मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे। जम्मू-कश्मीर का उपराज्यपाल नियुक्त किए जाने से पहले गिरीश चन्द्र मुर्मू वित्त मंत्रालय में सचिव पद पर कार्यरत थे।
गौरतलब है कि ठीक एक वर्ष पहले पांच अगस्त 2019 काे केन्द्र सरकार ने जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले संविधान के अनुच्छेद-370 और अनुच्छेद-35ए को निरस्त कर इसे दो केन्द्र शासित प्रदेशों में विभाजित करने की घोषणा की थी।
