व्हीलचेयर टेनिस के स्टार खिलाड़ी शिंगो कुनीदा ने लिया संन्यास, जीते 28 ग्रैंडस्लैम एकल खिताब

व्हीलचेयर टेनिस के स्टार खिलाड़ी शिंगो कुनीदा ने लिया संन्यास, जीते 28 ग्रैंडस्लैम एकल खिताब

मेलबर्न। व्हीलचेयर टेनिस के सबसे सफल खिलाड़ी शिंगो कुनीदा ने रविवार को खेल से संन्यास लेने की घोषणा की। विश्व में शीर्ष रैंकिंग के खिलाड़ी 38 वर्षीय कुनीदा ने अपने करियर में 28 ग्रैंडस्लैम एकल खिताब जीते। उन्होंने 2022 में विंबलडन का खिताब जीतकर चारों ग्रैंडस्लैम में खिताब हासिल करके करियर ग्रैंडस्लैम पूरा किया था।

 जापान के इस खिलाड़ी ने सोशल मीडिया पर संन्यास की घोषणा करते हुए कहा,‘‘तोक्यो पैरालंपिक में अपना सपना पूरा करने के बाद से ही मैं संन्यास के बारे में सोच रहा था। पिछले साल पहली बार विंबलडन एकल का खिताब जीतने के बाद मुझे महसूस हुआ प्रतिस्पर्धा करने की मेरी ऊर्जा अब बहुत कम बची है।’’

 कुनीदा ने अपने करियर में 11 बार ऑस्ट्रेलियाई ओपन का खिताब जीता। इसके अलावा उन्होंने फ्रेंच ओपन और अमेरिकी ओपन में आठ-आठ खिताब जबकि विंबलडन में एक खिताब जीता। इसके साथ ही उन्होंने 22 ग्रैंडस्लैम युगल खिताब भी जीते। इसके अलावा पैरालंपिक में उनके नाम पर तीन एकल स्वर्ण पदक दर्ज हैं।

ये भी पढ़ें:- Wrestlers Protest: WFI आम सभा की अयोध्या में होने वाली आपात बैठक रद्द