गोंडा: स्कूल बच्चों ने मानव श्रृंखला बनाकर दिया सड़क सुरक्षा का संदेश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोंडा, अमृत विचार। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की जानकारी देने के लिए सोमवार को जिले भर में जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। शहर के अंबेडकर चौराहे से लेकर बड़गांव चौराहे तक चौराहे तक स्कूली बच्चों ने मानव श्रृंखला बनाकर वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा का संदेश दिया।‌ अंबेडकर चौराहे पर जिलाधिकारी डॉ उज्जवल कुमार व अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज प्रजापति ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। 

Image Amrit Vichar(10)

रैली में शामिल स्कूली बच्चों ने हाथ में पोस्टर व बैनर लेकर वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी दी और उन्हें सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए प्रदेश सरकार जनवरी माह को सड़क सुरक्षा माह के रूप में मना रही है। इसके तहत पुलिस महकमा प्रतिदिन वाहन चालकों को जागरूक कर रहा है और उन्हें यातायात नियमों का पालन करने की नसीहत दे रहा है। इसी क्रम में सोमवार को जिले भर में स्कूली छात्र छात्राओं नेमानव श्रृंखला बनाकर जागरुकता रैली निकाली और वाहन चालकों से सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करने की अपील की। 

Image Amrit Vichar(9)

हाथ में पोस्टर व बैनर लेकर बच्चों ने सड़क सुरक्षा के स्लोगन के साथ आने जाने वाले लोगों को जागरूक किया। शहर के अंबेडकर चौराहे से निकाली गई जागरुकता रैली गुरुनानक चौराहे पर जाकर समाप्त हुई। बच्चों के साथ डीएम डा उज्जवल कुमार अपर पुलिस अधीधक शिवराज प्रजापति, एआरटीओ शैलेंद्र तिवारी व क्षेत्राधिकारी नगर लक्ष्मीकांत गौतम ने भी बच्चों के साथ पैदल चलकर लोगों से यातायात‌ नियमों का पालन करने की अपील की। 

Image Amrit Vichar(11)

बच्चों ने वाहन चालकों को हेलमेट व सीट बेल्ट लगाने को लेकर जागरुक किया। धानेपुर कस्बे में संयुक्त खंड विकास अधिकारी विकास मिश्रा व खंड शिक्षा अधिकारी हेमलता त्रिपाठी की देखरेख में सड़क सुरक्षा जागरुकता रैली निकाली गई । यहां परिषदीय स्कूलों के साथ निजी स्कूलों के छात्र छात्राओं ने भी रैली में हिस्सा लिया। ब्लाक परिसर से चौक बाजार होते हुए बस अड्डे तक और फिर वापस लौटकर ब्लाक परिसर में रैली का समापन हुआ। यहां भी बच्चों ने पोस्टर बैनर लेकर वाहन चालकों व जन सामान्य को सड़क पर चलने के नियम बताए और उन्हें सड़क सुरक्षा के प्रति सचेत किया।

यह भी पढ़ें:-कुश्ती संघ के अध्यक्ष पर लगे आरोप को सही बताते हुए मंत्री संजय निषाद ने कहा- खिलाड़ी मेहनत करके लाते हैं मेडल, मिलना चाहिए न्याय

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज