हरदोई पुलिस ने चलाया आपरेशन सुरंग, कई वारदातों का किया खुलासा
पुलिस ने चोरी और ठगी करने वाले 5 शातिरों को दबोचा
हरदोई, अमृत विचार। पुलिस ने आपरेशन सुरंग के तहत घेराबंदी करते हुए चोरी पर चोरी और ठगी करने वाले 5 शातिर चोरों को दबोच लिया। एसपी राजेश द्विवेदी ने सोमवार को इसका खुलासा किया। उन्होंने बताया कि बिलग्राम पुलिस ने एसओजी,स्वाट और सर्विलांस की टीम के साथ गिरफ्तार किए गए शातिरों के कब्ज़े से चोरी का ज़ेवर,नगदी,एलईडी के साथ तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं।
एसपी द्विवेदी ने सोमवार को मीडिया से रू-ब-रू होते हुए बताया कि 29 दिसंबर को बिलग्राम के मोहल्ला रफैय्यत गंज में हरीशचंद्र राठौर के यहां चोरी हुई थी। उसके बाद मल्लावां कोतवाली के बरहौआ, कोतवाली देहात के अनंग बेहटा,आशा नगर, प्रगति नगर, कोतवाली शहर के शंकर बक्श पुरवा,आवास विकास कालोनी के अलावा शहर में 50 हज़ार की ठगी हुई थी। पुलिस इन सारे मामलों की रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन कर रही थी। चोरों और ठगी करने वालों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे आपरेशन सुरंग के तहत बिलग्राम पुलिस ने एसओजी,स्वाट और सर्विलांस टीम के साथ मिल कर गुलाब बाड़ी तिराहे से धर्मेन्द्र उर्फ रजनीश पुत्र रमेश चंद्र निवासी धियर महोलिया,उसकी पत्नी पारुल, बिलग्राम कस्बे के रफैय्यत गंज निवासी गौतम पुत्र रामसनेही,उसकी पत्नी रोली और हरियावां थाने के अरुआ निवासी सर्वेश उर्फ रामकिशोर पुत्र सकटे को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्ज़े से चोरी किया गया ज़ेवर,एलईडी, तीन तमंचे, चार कारतूस और 72 सौ रुपये की नगदी बरामद की गई है।
एसपी के मुताबिक पुलिस की गिरफ्त में आने वाले शातिरों ने चोरी करना कुबूल करते हुए बताया कि दिन में उनकी पत्नियां दिन में रेकी करती थी और उसके बाद रात में उनके पति चोरी को अंजाम देते थे। शातिर चोरों के गैंग की गिरफ्तारी करने में बिलग्राम एसएचओ फूल सिंह, इंस्पेक्टर (रिज़र्व) मनोज कुमार सिंह,एसआई विजेन्द्र सिंह, शिवकुमार,हेड कांस्टेबिल अंजनी पाण्डेय, कांस्टेबिल राकेश कुमार, देवेन्द्र सिंह, अभिषेक सिंह, राहुल पाल, महिला कांस्टेबिल मधु सिंह व सुभाष कुमारी के अलावा एसओजी/स्वाट टीम प्रभारी ब्रजेश कुमार मिश्रा, सर्विलांस टीम के प्रभारी प्रेमसागर सिंह,एसओजी टीम के हेड कांस्टेबिल कलीम, रामकृष्ण द्विवेदी, कांस्टेबिल मंजेश कुमार, त्रिवेश कुमार, ब्रजनंदन, आदित्य प्रताप सिंह, सर्विलांस टीम के कांस्टेबिल ओमवीर सिंह और प्रदीप कुमार शामिल रहे।
घूंघट की आड़ में बनाते थे शिकार
शातिर चोर धर्मेन्द्र उर्फ रजनीश अपनी पत्नी पारुल और गौतम अपनी पत्नी रोली के साथ मिल कर वारदात को अंजाम देते थे। अपने कुबूलनामे में बताया है कि दिन के उजाले में उनकी पत्नी रेकी करती थी और उसके बाद रात के अंधेरे में उनका काम होता था। कोई शक न करे,इस लिए घूंघट में रहने वाली अपनी पत्नियों को आड़ में शिकार बनाते थे।
ये भी पढ़ें -राजधानी में कपल का इश्क फरमाते Video फिर हुआ Viral, कार की खुली छत पर कर रहे थे अश्लील हरकत
