Mahoba: पेड़ से लटका मिला युवक का शव, मां ने लगाया हत्या का आरोप, इंस्टाग्राम के जरिए बांदा की युवती से होती थी बात

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

Mahoba News महोबा में युवक का पेड़ से शव लटका मिला।

Mahoba News महोबा के कुलपहाड़ के ग्राम बेलाताल में पेड़ से युवक का शव लटका मिला। मां ने हत्या का आरोप लगाया। इंस्टाग्राम के जरिए बांदा की युवती से बात होती थी।

महोबा, अमृत विचार। कोतवाली कुलपहाड़ के ग्राम बेलाताल के मेला मैदान में पानी की टंकी के पास एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला, जिससे हड़कंप मच गया। आनन फानन में ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। अज्ञात युवक के शव को पुलिस ने पेड़ से उतरवाकर पंचनामा कराया।

उधर, दो दिन से युवक के घर न पहुंचने पर परिजनों ने बेलाताल पहुंचकर बेलाताल पुलिस चैकी को बेटे के गायब होने की सूचना दी, तभी पुलिस ने अज्ञात शव की शिनाख्त कराई। मृतक के परिजनों ने दीपक सोनकर निवासी बांदा के रूप उसकी शिनाख्त की।

मृतक की मां ने बेलाताल की एक युवती से प्रेम प्रसंग चलने की बात बताते हुए युवती के परिजनों पर बेटे की हत्या का आरोप लगाते हुए चैकी में तहरीर दे दी है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल करने में जुट गई है। मृतक के परिजनों को रो रोकर बुरा हाल है। 

बांदा शहर के मुहल्ला कटरा निवासी दीपक सोनकर (21) पुत्र बऊआ का बेलाताल निवासी एक युवती से इंस्टाग्राम पर बातचीत होती थी। मृतक की मां रन्नो देवी ने आरोप लगाया कि दीपक की बेलाताल निवासी एक लड़की से इंस्टाग्राम पर बातचीत होते होते दोनो प्रेम प्रसंग की बातें करने लगे। मां का आरोप है कि युवती ने दीपक को बेलाताल मेला देखने के लिए बुलाया था, जिससे दीपक शनिवार को बेलाताल चला गया था।

रविवार को उसका मोबाइल बंद हो जाने पर परिजन घबरा गए, तभी दीपक के छोटे भाई ने बताया कि दीपक सोनकर की बात बेलाताल निवासी एक युवती से बात होती थी। उसके बाद मां और उसका छोटा बेटा बेलाताल पहुंचे, जहां पर पुलिस चैकी बेलाताल को बेटे के दो दिन से गायब होने की सूचना दी गई। पुलिस रविवार को भी सुराग लगाने में जुट गई उसका कोई पता नहीं चला। 

सोमवार को सुबह बेलाताल मेला मैदान के पास एक अज्ञात शव पेड़ से लटके होने की सूचना पुलिस को मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतरवाया। उसके बाद बांदा से आई रन्नो देवी को भी शिनाख्त के लिए बुलाया गया। रन्नो देवी और उसका छोटे बेटे ने शव की दीपक सोनकर निवासी कटरा बांदा के रूप में शिनाख्त की।

बेटे की मौत से मां बेसुध हो गई। होश में आने के बाद चीखने चिल्लाने लगी। महिला ने बेटे की युवती के परिजनों द्वारा हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस चैकी बेलाताल में तहरीर दे दी है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 

प्रथम दृष्टया लग रहा है आत्महत्या

महोबा। पुलिस क्षेत्राधिकारी कुलपहाड़ उमेशचंद्र का कहना है कि मेला मैदान के पास बांदा निवासी दीपक सोनकर का शव एक गमछे से पेड़ पर लटका मिला। शरीर पर कोई चोट के निशान न पाए जाने पर प्रथम दृष्टया आत्महत्या प्रतीत हो रही है, लेकिन मृतक की मां रन्नो देवी ने हत्या का आरोप लगाया है। अन्य बिन्दुओं पर भी जांच करायी जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।

संबंधित समाचार