गणतंत्र दिवस: पश्चिम बंगाल में सुरक्षा व्यवस्था की गई कड़ी, रेड रोड के पास 10 ‘वॉच टावर’ और कई बंकर बनाए गए
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में 74वें गणतंत्र दिवस पर आयोजित समारोह के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अहम स्थानों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दो साल बाद राज्य सरकार ने कोविड-19 संबंधी स्थिति में सुधार के मद्देनजर दर्शकों को महानगर में रेड रोड पर आयोजित गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होने की अनुमति देने का फैसला किया है। अधिकारी ने कहा कि कोलकाता पुलिस ने रेड रोड इलाके के पास विभिन्न स्थानों पर अधिकारियों को तैनात करने के अलावा शहर के कम से कम 50 विभिन्न स्थानों पर 3,500 कर्मियों को तैनात किया है।
ये भी पढे़ं- देश में कोरोना वायरस संक्रमण के उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 1,906 हुई
उन्होंने कहा कि शहर की पुलिस ने सभी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए रेड रोड के पास 10 ‘वॉच टावर’ और कई बंकर बनाए हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा उपायों के तहत यातायात को भी नियंत्रित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि तीन त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी), 11 ‘हेवी रेडियो फ्लाइंग स्क्वॉड’ (एचआरएफएस) और 58 पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) वैन इलाके के आसपास तैनात रहेंगी। अधिकारी ने बताया कि इसके अलावा शॉपिंग मॉल, पर्यटन स्थलों और पूजा स्थलों पर सादे कपड़ों में पुलिस तैनात रहेगी। उन्होंने कहा कि इसी तरह के एहतियाती उपाय जिलों, खासकर अंतरराज्यीय या अंतरराष्ट्रीय सीमाओं के करीब के स्थानों में भी किए गए हैं।
ये भी पढे़ं- अपने गणतंत्र को मजबूत करने की जिम्मेदारी हम सबकी है: केजरीवाल
