'संविधान' है आजाद भारत में सबसे बड़ा धर्म : सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सपा पार्टी कार्यालय में आयोजित हुआ गणतंत्र दिवस समारोह

लखनऊ, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को कहा कि आजाद भारत में सबसे बड़ा धर्म संविधान है। अखिलेश ने पार्टी कार्यालय में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह को संबोधित करते हुये कहा कि देश को आजादी दिलाने में जिन्होंने कुर्बानियां दी,वे शहीद इतिहास में वे अमर रहेंगे।

उन्होंने कहा कि आजाद भारत में सबसे बड़ा धर्म संविधान है। भगवान एक है। हम सभी धर्मों को मानते हैं, उनका सम्मान और आदर करते है। अखिलेश ने कहा कि विभिन्न धर्मों के संतो, गुरुओं और उपदेशकों ने समय-समय पर जो विचार और उपदेश दिए हैं हम उन सभी का सम्मान करते हैं। गणतंत्र दिवस के अवसर पर हम सभी लोग देश की खुशहाली और विकास के रास्ते पर ले जाने का संकल्प लें।

उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ भीमराव अम्बेडकर ने हम लोगों को जो संविधान दिया है और डॉ राममनोहर लोहिया तथा जयप्रकाश नारायण ने जो सिद्धांत और विचार दिये हैं उन पर चलकर देश में खुशहाली लायी जा सकती है। जननायक कर्पूरी ठाकुर, नेताजी मुलायम सिंह यादव समेत अन्य समाजवादी नेताओं ने संघर्ष का जो रास्ता दिखाया है समाजवादी लोग उसी रास्ते पर चलेंगे।

यादव ने कहा कि आज भी किसान, नौजवान दुखी है, व्यापारी परेशान है। व्यापारियों को कारोबार में जो मदद मिलनी चाहिए वह नहीं मिल रही है। हमारा देश कई मानकों में दुनिया के तमाम देशों से पीछे है। भाजपा सरकार पूरा बाजार दूसरों के हवाले कर रही है। इन्वेस्टमेंट के नाम पर झूठ फैला रही है। भाजपा सरकार ने समाजवादी सरकार के दौरान हुए विकासकार्यो को धुंए में उड़ा दिया।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार से विकास की उम्मीद नहीं की जा सकती है। समाजवादी सरकार ने प्रदेश का विकास किया है। प्रदेश को सिर्फ समाजवादी विचारधारा और समाजवादी लोग ही आगे ले जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भाजपा से मुकाबला करना है।

वहीँ, लखनऊ के वजीर हसनगंज रोड पर इमारत गिरने की घटना पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, सरकार को कानून के हिसाब से काम करना चाहिए, दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। सरकार को आगे आकर उन परिवारों की मदद करनी चाहिए जिन्होंने हादसे में अपना सब कुछ खोया है। 

समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने कहा, मैं सभी को गणतंत्र दिवस की बधाई देती हूं... नेताजी को पद्म विभूषण की उपाधि दी जा रही है मगर मैं समझती हूं कि उन्हें भारत रत्न मिलना चाहिए। नेताजी को इस तरह की उपाधि पहले ही मिलना चाहिए था। 

ये भी पढ़ें -इमरजेंसी बेड में बढ़ोत्तरी से सुधरेंगी स्वास्थ्य सेवायें : प्रो.आरके धीमन 

संबंधित समाचार