Agra Breaking News: लोहामंडी में सनसनीखेज लूट और फायरिंग का एक आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार
आगरा, अमृत विचार। जिले के लोहामंडी थानाक्षेत्र के बलदेवगंज बाजार में सराफ से छह सोने की चेन लूट कर फायरिंग करने वाले बदमाशों में से एक को पुलिस ने शुक्रवार रात तकरीबन तीन बजे मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार मुठभेड़ के दौरान बदमाशों ने पुलिस पर कई राउंड फायरिंग की। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए एक को पकड़ लिया। वहीं पुलिस ने दो और बदमाशों को दिल्ली में गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
डीसीपी सिटी विकास कुमार ने बताया कि रात तीन बजे मुखबिर की सूचना पर बिचपुरी चौकी पर पुलिस चेकिंग कर रही थी। तभी एक कार नजर आई, जिसे रुकने को कहा गया। कार में बैठे बदमाश ने गाड़ी को दौड़ा दिया। इस पर घेराबंदी की, लेकिन उसने फायरिंग कर दी, जिसमें पुलिसकर्मियों ने अपना बचाव करते हुए गोली चलाई। बदमाश कार छोड़कर भागने लगा। इस दौरान एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया। उसके दाहिने पैर में गोली लगी है। मुठभेड़ में अभियुक्त सोहेल पुत्र असलम निवासी यमुना विहार, थाना भजनपुरा, दिल्ली को दो पिस्टल, तीन मैगजीन, चार खोखा और आठ कारतूस एवं एक सफेद रंग की कार के साथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त को मुठभेड़ के दौरान दाहिने पैर में गोली लगी है।
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि दो महीने में तीन राज्यों दिल्ली, हरियाणा एवं उत्तर प्रदेश में एक बुलेट चोरी के अलावा पिस्टल के बल पर पांच लूट की घटना कर चुका है। 21 जनवरी को लोहामंडी के व्यस्ततम बाजार में एक काली अपाचे से इसने अपने दो साथियों सहित लोहामंडी बाजार में ज्वेलर्स की दुकान के अंदर घुसकर गन प्वाइंट पर छह चेन लूट ली थी। आसपास के दुकानदारों और राहगीरों ने उन बदमाशों को घेरकर पकड़ना चाहा तो बदमाशों ने पिस्टल से घेर रहे व्यक्तियों पर निशाना लेकर फायरिंग शुरु की दी। जिसमें चार लोग घायल हो गए थे।
ये भी पढ़ें - Video: मुझे जबरन फंसाया जा रहा ...अलाया अपार्टमेंट हादसे के आरोपी फहद यजदानी ने सीएम से की अपील
