हरदोई: थाना दिवस में फरसा लहरा कर बाबा ने काटा हंगामा, जानें क्या है मामला
बाबा को पुलिस ने हिरासत में लिया
अमृत विचार, शाहाबाद/ हरदोई। शनिवार को शाहाबाद कोतवाली में चल रहे थाना दिवस के दौरान शिकायत से नाराज होकर एक बाबा ने हंगामा काट दिया। शिकायत करने वालों को बाबा ने जमकर गाली-गलौज किया और काट डालने की धमकी तक दे डाली। बाबा के हंगामा से अफरा-तफरी व्याप्त हो गई। बाबा को हिरासत में लिया गया है ।
शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खत्ता जमाल खां स्थित माता फूलमती मंदिर पर बाबा रामदास भक्त गणों की सहमति से रखे गए थे। लेकिन बाबा का आचरण ठीक न होने की वजह से शिकायतों के बाद बाबा को वहां से भक्त गणों ने हटाना चाहा तो बाबा रामदास गाली गलौज और मारपीट पर आमादा हो जाते थे।
आज समाधान दिवस के मौके पर माता फूलमती मंदिर के भक्तगण संजय गुप्ता, बबलू बाबा, राजीव शर्मा, अरविंद कुमार, नीरज मिश्रा ने संयुक्त रूप से प्रार्थना पत्र देकर रामदास बाबा को मंदिर से हटाने की एक तहरीर दी। उसी समय बाबा भी उपरोक्त भक्त जनों के खिलाफ एक तहरीर लेकर समाधान दिवस में पहुंचे। दोनों पक्ष आमने-सामने हुए तो बाबा आवेश में आ गए और उन्होंने समाधान दिवस में पहुंचे भक्त गणों को फरसा दिखाकर गाली गलौज करते हुए हंगामा काटना प्रारंभ कर दिया। समाधान दिवस के दौरान बाबा के हंगामे से अफरा-तफरी व्याप्त हो गई। पुलिस ने बाबा को हिरासत में लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें -हरदोई: बरेली जा रहे युवक की चलती ट्रेन से गिरकर हुई मौत
