मुरादाबाद : बच्चे की संदिग्ध हालत में मौत, परिजनों में कोहराम...हत्या की आशंका

परिजनों का कहना है कि जुनैद के साथ खेलने वाले बच्चे उसे घायल अवस्था में मैदान में पड़ा छोड़कर भाग गए

मुरादाबाद : बच्चे की संदिग्ध हालत में मौत, परिजनों में कोहराम...हत्या की आशंका

ठाकुरद्वारा ( मुरादाबाद),अमृत विचार। सीमा क्षेत्र के गांव सन्यासीवाला निवासी रियासत हुसैन के 10 वर्षीय पुत्र  जुनैद की गांव के निकट अन्य बच्चों के साथ खेलते समय संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने बच्चे की हत्या की आशंका व्यक्त करते हुए पुलिस से खुलासे की मांग की है।

परिजनों का कहना है कि जुनैद के साथ खेलने वाले बच्चे उसे घायल अवस्था में मैदान में पड़ा छोड़कर भाग गए। परिजनों ने उसकी हत्या किए जाने की आशंका व्यक्त की है। परिजनों का आरोप है कि जुनैद के शरीर पर गुम चोट के निशान पाए गए हैं। उधर एसएसआई अनिल जोशी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण का पता चल पाएगा

पेड़ पर फंदे से लटका मिला मजदूर का शव
इधर, छजलैट में युवक का शव पेड़ पर फंदे से लटका मिला। किसान के परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सक ने युवक को मृत घोषित कर दिया।  मध्य प्रदेश के अमारखोली बकवा गिरवार मझौली निवासी सूर्यभान सिंह पुत्र इंद्र बहादुर सिंह (20) थाना छजलैट क्षेत्र के ग्राम नकसंदबाद निवासी किसान धर्मवीर सिंह के यहां लगभग पांच माह से खेती का कार्य करता था। शनिवार प्रातः 8:30 बजे धर्मवीर सिंह ने युवक को खाना खाने के लिए तलाश किया तो वह नहीं मिला।

अचानक किसान के परिजनों ने घर के पास पिलखन के वृक्ष पर उसका (मजदूर)  शव फंदे पर लटका हुआ पाया। आनन-फानन में उसे पेड़ से नीचे उतारा तो उसकी सांस चल रही थी। परिजन उपचार के लिए उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने धर्मवीर सिंह की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर की है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। किसान धर्मवीर सिंह का कहना है कि उसकी किसी से कोई रंजिश नहीं थी। वह खाली समय में फोन पर व्यस्त रहता था।

ये भी पढ़ें :  मुरादाबाद : हेलो! जिलाधिकारी बोल रहा हूं, क्या आप कार्यवाही से संतुष्ट हैं?